10 हजार की आबादी वाले सांवड़ गांव में चुनावी चर्चा ने पकड़ा जोर, ग्रामीणों के जहन में पेयजल और अन्य समस्याओं का समाधान न होने की टीस
संवाद न्यूज एजेंसी
बौंदकलां। जिले के गांव सांवड़ में ग्रामीण पेयजल समस्या से परेशान हैं। उनका कहना है कि गांव में आपूर्ति किए जाने वाले पेयजल की गुणवत्ता सही नहीं है। लंबा समय बीतने के बाद भी उन्हें शुद्ध व मीठा पेयजल नसीब नहीं हुआ है। कई बार अधिकारियों के संज्ञान में समस्या ला चुके हैं, लेकिन स्थिति जस की तस है। अब नए विधायक से उन्हें इस समस्या के समाधान की आस है।
दरअसल, बौंदकलां खंड के गांव सांवड़ में चुनावी चर्चा जोर पकड़े हुए है। ग्रामीण खुलकर समस्याओं पर न केवल चर्चा कर रहे हैं, बल्कि नए विधायक से कुछ समस्याओं के स्थायी समाधान की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
उनका कहना है कि गांव में पेयजल की किल्लत बनी हुई है। फिलहाल, बौंद डिस्ट्रीब्यूटरी से गांव के जलघर का कनेक्शन किया गया है। इसमें पानी की गुणवत्ता भी उचित नहीं है। पीने में भी खारा है। जलघर के टैंक में पानी खत्म होने के बाद ट्यूबवेल के पानी की आपूर्ति की जाती है जबकि इसकी गुणवत्ता तो और खराब है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर कोई प्रत्याशी गांव के जलघर का इंद्रा कैनाल से कनेक्शन करवाएगा तो उसे हम वोट जरूर देंगे।
ग्रामीणों ने बताया कि अब तक गांव में सभी प्रत्याशियों की जनसभाएं हो चुकी हैं। ग्रामीण पुरजोर तरीके से अपनी इन समस्याओं को उनके सामने रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांव से गुजरने वाला रोहतक रोड भी जर्जर हो चुका है। इसके निर्माण की घोषणा हो चुकी है, लेकिन, अब तक इसका निर्माण नहीं हो पाया है। इसके भी जल्द निर्माण की दरकार है।
सांवड़ गांव के महत्वपूर्ण तथ्य
आबादी - 10,000
मतदाता - 6340
महिला मतदाता - 2960
पुरुष मतदाता - 3380
साक्षरता दर - 80 फीसदी
- ग्रामीणों की ये हैं मांगें व समस्याएं
- रोहतक रोड का हो निर्माण
- मुख्य मार्ग के साथ नाला बने
- स्ट्रीट लाइटों की कमी दूर हो
- लावारिस पशुओं का प्रबंधन हो
ग्रामीण बोले : समस्या के समाधान के लिए लगाई गुहार रही बेअसर
गांव में पेयजल की समस्या ज्यादा है। इसके समाधान के लिए अधिकारियों से कई बार मांग कर चुके हैं। अभी ग्रामीणों को उच्च गुणवत्ता का पानी नहीं मिल रहा है।
-जयभगवान, ग्रामीण
गांव में मुख्य रोड पर दूषित जल निकासी के लिए उचित प्रबंध नहीं है। रोड के निर्माण के बिना इसका कार्य भी अटका हुआ है।
-अंकित, ग्रामीण
गांव में स्ट्रीट लाइटें नहीं हैं। इससे रात को अंधेरा छा जाता है। अगर गांव में रोशनी का प्रबंध हो तो ग्रामीणों को आसानी रहेगी।
-रवि, ग्रामीण
छुट्टा पशु गांव में घूम रहे हैं। बीच रास्ते में लड़ाई करते हैं। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। इनका भी उचित प्रबंध किए जाने की आवश्यकता है।
-जोगेंद्र, ग्रामीण
फोटो - 17
गांव सांवड़ में चुनावी चर्चा करते ग्रामीण। संवाद
फोटो - 18
गांव सांवड़ से गुजरने वाला रोहतक रोड। संवाद
फोटो - 19
जयभगवान
फोटो - 20
रवि
फोटो - 21
अंकित
फोटो - 22
जोगेंद्र