मुख्यमंत्री उड़नदस्ता की अगुवाई में जांच के लिए बौंदकलां बीडीपीओ कार्यालय पहुंचे अधिकारी।
चरखी दादरी/बौंदकलां। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने शुक्रवार को बौंदकलां खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। टीम यहां करीब 3 घंटे 50 मिनट तक डेरा डाले रही। इस दौरान यहां एक कर्मचारी अनुपस्थित पाया गया। टीम ने विकास कार्याें समेत टेंडर प्रक्रिया का जायजा लिया और बाद में अपनी निरीक्षण रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी।
बता दें एसआई अनूप सिंह की अगुवाई में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता बौंदकलां पहुंचा। सांजरवास बिजली निगम एसडीओ अनुराग को बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट साथ लेकर टीम ने सुबह 10 बजे खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में सामान्य भीड़ पाई गई। बीडीपीओ रिषभ सिंगल आधे दिन के अवकाश पर मिले और वो दोपहर को कार्यालय में पहुंचे।
टीम में शामिल एक अधिकारी ने बताया कि बौंदकलां खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में कुल 19 कर्मचारी तैनात हैं जिनमें 16 पक्के व 3 अनुबंध आधार पर हैं। पक्के कर्मचारियों में से एसईपीओ जसबीर सिंह कार्यालय में हाजिर नहीं मिला। वहीं, 8 ग्राम सचिव फील्ड में पाए गए। तकनीकी शाखा में 6 कर्मचारी तैनात हैं, जिनमें से पांच हाजिर मिले जबकि एक छुट्टी पर मिला। दोपहर 1:50 पर कार्रवाई खत्म कर टीम वापस लौट गई।
टीम ने रिकॉर्ड भी जांचा
कार्यालय का रिकॉर्ड चेक करने पर बौंद खंड में 18 विकास कार्य स्वीकृत किए मिले और इनकी टेंडर प्रक्रिया प्रोग्रेस में है। डी-प्लान के तहत 9 विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं। वहीं, ग्राम पंचायतों के स्वीकृत 27 कार्यों में से 18 पूरे हो चुके हैं और 4 विकास कार्य सरपंचों की अनुमति के बिना लंबित हैं। इसके अलावा 5 विकास कार्य प्रोग्रेस में पाए गए।
शिकायतों के समाधान की ये मिली स्थिति
खंड विकास एवं पंचायत कार्यालय में सीटीएम पोर्टल पर कुल 60 शिकायतें लंबित मिली जबकि सीईओ जिला परिषद पोर्टल की 50 शिकायतें लंबित मिली। पंचायत चुनाव के दौरान बौंद ब्लाॅक के 24 गावों में कुल 600344 रुपये का खर्च हुआ था जिसका भुगतान एजेंसी को होने की बात टीम की जांच में सामने आई।