सांवड़ स्थित फास्ट फूड कॉर्नर पर रखे घरेलू गैस सिलिंडर।
बौंदकलां। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की अगुवाई में बुधवार को संयुक्त टीम ने सांवड़ स्थित मिष्ठान भंडार और फास्ट फूड कॉर्नर पर छापा मारा। इस दौरान दो प्रतिष्ठानों पर घरेलू गैस सिलिंडर प्रयोग होते मिले जिन्हें संयुक्त टीम में शामिल खाद्य पूर्ति एवं नियंत्रक बोर्ड के अधिकारियों ने जब्त कर लिया। वहीं, खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिष्ठान भंडार से मिठाइयों के सैंपल लिए हैं।
बता दें कि मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को सूचना मिली थी कि सांवड़ में मिष्ठान भंडार संचालक घरेलू गैस सिलिंडर का प्रयोग करते हैं। इस पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता बुधवार सुबह दादरी पहुंचा और यहां से गुप्तचर विभाग, खाद्य पूर्ति एवं नियंत्रक विभाग और खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को साथ लेकर सांवड़ में दबिश दी। टीम 11:40 पर सबसे पहले भारद्वाज मिल्क सेंटर पर पहुंची। वहां संचालक हाजिर मिला और एक घरेलू सिलिंडर व्यवसायिक प्रयोग में भट्टी पर चलते मिला, जिसे जब्त किया गया। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपक चौधरी ने यहां मिले 120 किलोग्राम देसी घी का सैंपल भी लिया।
इसके बाद टीम ने वशिष्ठ मिष्ठान भंडार पर रेड की। वहां संचालक हाजिर मिला। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने 10 किलो तैयार मिल्क केक का सैंपल लिया। इसके बाद टीम ने एक फास्ट फूड शॉप पर दबिश दी। वहां कारिंदा हाजिर मिला और जांच करने पर दो घरेलू गैस सिलिंडर बरामद हुए, जिनमें से एक खाली और एक भरा मिला। करीब 2:10 मिनट पर टीम कार्रवाई पूरी कर लौट आई।