गांव कादमा के गोदाम में रखा बाजरा का अवैध स्टॉक।
कादमा। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने सोमवार को गांव कादमा में छापेमारी कर बाजरा का अवैध स्टॉक पकड़ा है। बाजरा का 250 क्विंटल स्टाॅक एक गोदाम से बरामद किया गया है। टीम ने इसकी एवज में गोदाम संचालक पर 6250 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है।
जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री उड़नदस्ते गुप्त को सूचना मिली थी कि कादमा स्थित एक गोदाम में अनाज का अवैध भंडारण किया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता दादरी पहुंचा और यहां से मार्केट कमेटी और गुप्तचर विभाग को साथ लेकर कादमा स्थित गोदाम पर दबिश दी।
सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र कुमार, गुप्तचर विभाग जिला प्रभारी जेपी सांगवान व मार्केट कमेटी सुपरवाइजर परमजीत नांदल कार्रवाई का हिस्सा रहे और उनकी अगुवाई में टीम ने बाजरे का स्टॉक पकड़ा। वहीं, गोदाम मालिक बाजरा से संबंधी दस्तावेज टीम के सामने पेश नहीं कर पाया, जिसके चलते उससे जुर्माना वसूला गया।