भिवानी/सिवानी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 17 जून को जिले के दौरे के दौरान करीब 31 करोड़ रुपये की लागत से चौधरी बंसीलाल सिविल एयरोड्रोम पर निर्मित नव-निर्मित हैंगर, एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) भवन और सुरक्षा चौकी का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा वे सिवानी के गांव खेड़ा स्थित नई अनाज मंडी में आयोजित खादी रोजगार उत्सव में खादी श्रमिकों और कारीगरों को विभिन्न प्रकार की आधुनिक मशीनें और टूल किट भी वितरित करेंगे।
खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार के अध्यक्ष मनोज गोयल ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 17 जून को शाम चार बजे सिवानी स्थित गांव खेड़ा की नई अनाज मंडी में आयोजित खादी रोजगार उत्सव में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि ग्रामोद्योग विकास योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 972 कारीगरों को प्रमाणपत्रों के साथ कुल 3,645 आधुनिक मशीनें और टूल किट वितरित की जाएंगी। इस अवसर पर प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत देशभर की 22,259 नई परियोजनाओं के लिए लगभग 504.68 करोड़ रुपये की मार्जिन मनी सब्सिडी का ऑनलाइन वितरण भी मुख्यमंत्री के करकमलों से किया जाएगा।