चरखी दादरी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने भैरवी के समीप स्थित पंचायती जमीन पर अवैध रूप से बने मकानों में चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बिजली निगम, राजस्व और गुप्तचर विभाग के कर्मचारी भी साथ रहे। करीब डेढ़ घंटे चलाए गए अभियान के दौरान तीन मकानों में बिजली की चोरी पकड़ी गई और इसकी एवज में 12567 रुपये जुर्माना लगाया गया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को गुप्त सूचना मिली थी कि दादरी-लोहारू रोड पर भैरवी के समीप चरखी की पंचायती भूमि पर कुछ परिवारों ने अवैध रूप से मकान बनाए हुए हैं। ये मकान मालिक बिजली चोरी कर घरों में बिजली के उपकरण चलाते हैं। इस आधार पर वीरवार दोपहर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता दादरी पहुंचा। यहां से गुप्तचर विभाग की टीम समेत पटवारी देवेंद्र और बिजली निगम के जेई सुनील कुमार को साथ लेकर भैरवी के समीप स्थित चरखी पंचायती भूमि पर दबिश दी गई।
दोपहर करीब एक बजे टीम ने चेकिंग अभियान शुरू किया जो डेढ़ घंटे चला। इस दौरान टीम ने पवन पुत्र राजकुमार, अजीत पुत्र राजकुमार व महीपाल पुत्र राजकुमार के मकान में सीधे पोल से तार लगाकर बिजली चोरी करने की गफलतबाजी पकड़ी। इसकी एवज में पवन पर 4692 रुपये, अजीत पर 4014 रुपये और महीपाल पर 3861 रुपये का जुर्माना किया गया। तीनों मामलों में बिजली निगम के जेई सुनील कुमार ने कुल 12567 रुपये जुर्माना लगाया। दोपहर करीब ढाई बजे टीम लौट आई।