चरखी दादरी। मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने बुधवार को दादरी तहसील कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम 190 मिनट यानी तीन घंटे दस मिनट तक डेरा डाले रही। टीम ने यहां रिकॉर्ड खंगाला और लंबित आवेदनों की भी जांच की। इस दौरान यहां आवेदनों के निपटान के साथ सीएम विंडो की शिकायतें भी लंबित पाई गईं। हालांकि आवेदन या शिकायत लंबित होने का कारण कोर्ट केस भी सामने आया है।
सुबह करीब 10 बजे मुख्यमंत्री उड़नदस्ता एसआई अनूप सिंह की अगुवाई में तहसील कार्यालय पहुंचा। नायब तहसीलदार कृष्ण कुमार की मौजूदगी में कार्यालय का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री उड़नदस्ता को तहसील कार्यालय में सामान्य भीड़ मिली।
इसके अलावा तहसील कार्यालय में 1211 इंतकाल दर्ज होने व 860 इंतकाल ऑनलाइन दर्ज होने लंबित पाए गए। वहीं, 61 रजिस्ट्रियों पर अधिकारियों के हस्ताक्षर होने भी लंबित मिले। इस संबंध में नायब तहसीलदार ने बताया कि उक्त कार्य लंबे समय से बकाया नहीं हैं। ये लंबित केस गत सप्ताह के दौरान के ही हैं। वहीं, दोपहर करीब 1.10 पर टीम अपनी जांच कर वहां से रवाना हुई। गुप्तचर विभाग का स्टाफ भी कार्रवाई का हिस्सा रहा।
-
जानिये... किसके पास कितने केस लंबित
- कानूनगो के पास पैमाइश की 6 दरखास्त बकाया मिली। वहीं, नायब तहसीलदार दादरी के पास 572 तकसीम बकाया हैं। इसके अलावा 52 गिरदावरी, 3 चौकीदार व 13 इसरा के केसों समेत कुल 640 मामले लंबित हैं।
-तहसीलदार के पास 451 तकसीम, 36 गिरदावरी, 7 चौकीदार व 18 इसरा के केसों समेत कुल 512 मामले लंबित हैं। उक्त सभी लंबित कार्य कोर्ट केस के बताए गए।
मई से अक्तूबर तक की शिकायतें लंबित
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते की जांच के दौरान सामने आया कि 31 मई 2023 से 25 अक्तूबर 2023 तक की सीएम विंडो की कुल 14 शिकायतें लंबित हैं। ये सभी शिकायतें फसल मुआवजे से जुड़ी हैं।
- सरल केंद्र का निरीक्षण करने पहुंची टीम
तहसील कार्यालय की जांच के साथ मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और गुप्तचर विभाग की टीम ने सरल केंद्र का निरीक्षण भी किया। टीम ने यहां तहसील कार्यालय के काउंटर पर पहुंचकर व्यवस्थाएं जांची और कर्मचारियों से भी पूछताछ की।
दादरी तहसील कार्यालय में पहुंचकर आज जांच की गई। जांच के दौरान सामने आया कि गत 5 माह की 14 सीएम विंडो की शिकायतें लंबित हैं। इसके अलावा 1211 इंतकाल दर्ज होने और 860 ऑनलाइन दर्ज होने भी बाकी हैं। निरीक्षण रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेजी जाएगी।
अनूप सिंह, एसआई, मुख्यमंत्री उड़नदस्ता