संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर क्षेत्र की खाप, किसान और जनसंगठनों ने बाढड़ा विधायक नैना चौटाला के चरखी दादरी कार्यालय का घेराव किया। विधायक की गैरमौजूदगी में प्रदर्शनकारियों ने उनके कार्यालय के बाहर ज्ञापन चस्पा कर दिया। इसके जरिये विधानसभा में दस मार्च को भाजपा के खिलाफ वोटिंग न करने पर जजपा को आगामी चुनाव में अंजाम भुगतने की चेतावनी भी दी गई। इतना ही नहीं प्रदर्शनकारियों ने भवन मालिक को कहकर जजपा विधायक का कार्यालय खाली करवाने की जिम्मेदारी चिड़िया खाप पांच के पदाधिकारियों को सौंपी है।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार किसान सुबह करीब दस बजे मेजबान चौक पर एकत्रित होना शुरू हुए। यहां खाप पदाधिकारियों ने पहले किसानों को संबोधित करते हुए जजपा विधायक कार्यालय के घेराव कार्यक्रम की जानकारी दी। फौगाट खाप-19 के प्रधान बलवंत नंबरदार ने कहा कि जजपा विधायकों को दस मार्च को होने वाली अविश्वास प्रस्ताव की बैठक में भाजपा के खिलाफ वोटिंग करनी चाहिए। अगर ऐसा नहीं होता है तो फिर जजपा को राजनीतिक तौर पर इसका नुकसान उठाना होगा। खाप के सचिव सुरेश फौगाट ने कहा कि किसानों के वोट लेकर जो नेता सत्ता सुख भोग रहे हैं, आने वाले समय में उन्हें किसान वर्ग आइना दिखा देगा। सांगवान खाप-40 की तरफ से नरसिंह डीपीई ने भी किसानों को संबोधित किया।
दोपहर 12 बजे किसान नारेबाजी करते हुए जजपा विधायक नैना चौटाला के कार्यालय पर पहुंचे। किसानों को यहां न तो विधायक मिलीं और न ही उनका कोई प्रतिनिधि। इसके बाद फौगाट खाप के पदाधिकारियों ने उनके कार्यालय के बाहर भाजपा के खिलाफ वोटिंग करने का पत्र चस्पा कर दिया। साथ ही इस पत्र को न हटाने की चेतावनी भी दी गई।
कार्यालय खाली न करवाने पर मालिक के खिलाफ फैसला लेगी खाप पंचायत
खाप फौगाट के प्रधान बलवंत नंबरदार ने बताया कि जिस भवन में विधायक नैना का कार्यालय चल रहा है वह चिड़िया निवासी एक व्यक्ति का है। इस कार्यालय को खाली करवाने की जिम्मेदारी चिड़िया खाप के पदाधिकारियों को सौंपी गई है। अगर भवन मालिक आनाकानी करेगा तो खाप पंचायत आयोजित कर अगला निर्णय लिया जाएगा।
पुलिस रही अलर्ट, कार्यालय में घुसने की नहीं दी अनुमति
किसानों के प्रदर्शन के मद्देनजर जिला पुलिस अलर्ट रही। पुलिस कंपनी सुबह दस बजे से पहले ही विधायक नैना चौटाला के कार्यालय के बाहर तैनात हो गई। दोपहर 12 बजे प्रदर्शनकारी वहां पहुंचे और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने उन्हें कार्यालय के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी। इसके बाद किसानों ने नारेबाजी की और कार्यालय के बाहर ज्ञापन चस्पा करके वहां से चले गए।
इन जनसंगठनों के पदाधिकारियों ने घेराव कार्यक्रम में लिया भाग
प्रदर्शन में श्योराण खाप 25 के प्रधान बिजेंद्र बेरला, चिड़िया खाप के प्रधान राजबीर शास्त्री, शमशेर फौगाट, पूर्व विधायक नृपेंद्र मांढी, किसान नेता राजू मान, विनोद मोड़ी, रघुबीर श्योराण, राजकुमार हड़ौदी, ओमप्रकाश कलकल, योगेश इमलोटा, बलवंत, बलवान बेरला, विद्यानंद हंसावास, शहीद भगत सिंह सेना से कृष्ण फौगाट, सूरजभान सांगवान, भीम सिंह द्वारका, वेदप्रकाश आदि घेराव कार्यक्रम में शामिल हुए।