चरखी दादरी स्थित बस स्टैंड परिसर के अंदर बूथों पर लगीं बसें।
चरखी दादरी। रोडवेज डिपो को हरियाणा कौशल रोजगार के तहत 28 परिचालक मिले हैं। इनमें से 24 परिचालकों को मेडिकल के लिए भेजा गया है। सोमवार को रिपोर्ट मिलने पर सभी अपना कार्यभार संभाल लेंगे। वहीं, इनके ज्वाइन करने से डिपो में परिचालकों की कमी कुछ हद तक दूर होगी।
हरियाणा रोडवेज परिवहन विभाग की ओर से डिपो में परिचालकों व चालकों के पद भरे जा रहे हैं। स्टाफ की कमी वाले डिपो में विभाग की ओर नियुक्ति की जा रही है। दादरी डिपो को भी 28 परिचालकों के नाम भेजे गए हैं। इनको अपनी नौकरी ज्वाइन करने के लिए समय दिया गया। दो दिन में 24 परिचालक अपने दस्तावेज लेकर डिपो पहुंचे और उनको को मेडिकल रिपोर्ट लाने के लिए सोमवार तक का समय दिया गया है। सोमवार को रिपोर्ट जमा कर सभी परिचालक अपना पदभार संभालेंगे।
फिलहाल, डिपो में 172 परिचालक हैं। बस संचालन के दौरान उन्हें कई बार दिक्कतें आ जाती हैं। इसके अलावा, परिचालकों को भी अवकाश लेने के लिए इंतजार करना पड़ता है। अब सभी नए परिचालकों के पदभार संभालने पर डिपो में परिचालकों की संख्या 200 हो जाएगी। इसके बाद बस संचालन में भी परेशानी नहीं होगी और रात की शिफ्ट के लिए भी दिन के ऑन ड्यूटी रहने वाले परिचालकों को राहत मिलेगी।
लंबे रूटों पर चलने वाली बसों में रात-दिन की शिफ्ट रहती है। अब परिचालक पर्याप्त रहेंगे तो डिपो बस संचालन में पूरा नियंत्रण कर पाएगा। केवल कुछ ही परिचालकों पर दबाव नहीं रहेगा।