अमर उजाला ब्यूरो
चरखी दादरी।
एनएच- 148 बी पर टमाटरों से भरे ट्रक ने रोड क्रॉस कर रही बाइक को टक्कर
मार दी। हादसे में बाइक सवार एक महिला टायरों के बीच फंस गई और उसकी मौके
पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक सवार और उसकी पत्नी भी हादसे में घायल हो
गई। घायल महिला की हालत भी गंभीर है और उसे रोहतक पीजीआई रेफर किया गया
है। हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया जबकि क्लीनर को लोगों ने काबू
कर पुलिस को सौंप दिया। हादसे के कारण एनएच की ट्रैफिक व्यवस्था करीब 75
मिनट तक बाधित रही और सैंकड़ों वाहन चालक जाम में फंसे रहे।
जानकारी के अनुसार दादरी शहर के झज्जर घाटी क्षेत्र निवासी मामनराम (65)
बुधवार सुबह अपनी पत्नी शरबती (62) और भाई की पुत्रवधु मीनू (30) के साथ
बाइक पर सवार होकर कलियाणा रोड स्थित खेत में घास लेने जा रहा था। जब वो
कलियाणा मोड़ पर एनएच-148 बी पार करने लगे तो महेंद्रगढ़ चौक की तरफ से
तेज रफ्तार में आ रहे टमाटरों से भरे ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में मीनू की मौके पर मौत हो गई जबकि शरबती और मामनराम घायल हो गए।
शरबती को चिंताजनक हालत में चिकित्सकों ने पीजीआई रोहतक रेफर किया है
जबकि मामनराम का सिविलि अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतका मीनू
प्रजापति समाज 150 गांवों के पूर्व प्रधान प्रताप सिंह की पुत्रवधु थी।
हादसे की खबर मिलते ही काफी तादाद में लोग घटनास्थल पर पहुंचे। मीनू के
शव को पीसीआर में सिविल अस्पताल ले जा गया। मौके पर पहुंचे सिटी थाना
प्रभारी तेलूराम और ट्रैफिक पुलिस टीम ने ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक को
सड़क से हटाकर ट्रैफिक व्यवस्था बहाल करवाई और मीनू के शव का पोस्टमार्टम
के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।
घटनास्थल पर खड़ा ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : Amar Ujala
घटनास्थल पर खड़ा ट्रक और क्षतिग्रस्त बाइक।
मृतका मीनू।
- फोटो : Amar Ujala
मृतका मीनू।