कस्बा झोझू कलां निवासियों की लंबे समय से चली आ रही बस स्टैंड की मांग अब जल्द ही पूरी हो जाएगी। सरकार ने झोझू कलां में मिनी बस स्टैंड निर्माण के लिए 1 करोड़ 38 लाख रुपये की राशि जारी कर दी हैं। लोक निर्माण विभाग ने बस स्टैंड निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए टेंडर भी जारी कर दिए हैं।
गत दिनों विधायक नैना सिंह चौटाला के झोझू कलां आगमन पर ग्रामीणों ने बस स्टैंड निर्माण का कार्य शुरू करवाने की मांग की थी। विधायक नैना चौटाला ने ग्रामीणों की मांग पर संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को बस स्टैंड के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। तत्पश्चात लोक निर्माण विभाग के चंडीगढ़ मुख्यालय में लंबित झोझू कलां बस स्टैंड की फाइल पर तेजी से कार्यवाही शुरू की गईं और बस स्टैंड के निर्माण शुरू होने का रास्ता साफ हो पाया।
बस स्टैंड निर्माण के लिए धन राशि जारी होने पर खुशी जताते हुए जजपा जिलाध्यक्ष नरेश द्वारका व पूर्व सरपंच राजेश सांगवान ने बताया कि बस स्टैंड के निर्माण के साथ ही कस्बे के विकास के नए रास्ते खुलेंगे। बड़े शहरों के लिए सीधी बस सेवा शुरू होने से कस्बे के व्यापार में भी बढ़ोतरी होगी। बाढड़ा हलके से विधायक नैना चौटाला ने कहा कि बाढड़ा हलके के विकास के लिए कई नई योजनाएं बनाई जा रही है। प्रदेश की मौजूदा सरकार बाढड़ा के विकास के लिए वचनबद्ध हैं। रुकी हुई अनेक विकास योजनाओं को जल्द ही अमलीजामा पहना कर कार्य शुरू करवाया जाएगा।