बाढड़ा/बौंद कलां। मुख्यमंत्री उड़नदस्ता, विजिलेंस और बिजली निगम की संयुक्त टीम ने शनिवार दोपहर मांढी हरिया गांव के दो मकानों में बिजली चोरी पकड़ी है। दोनों मकानों में सीधे ट्रांसफार्मर पर कुंडी मारकर बिजली प्रयोग की जा रही थी। इस पर संज्ञान लेते हुए बिजली निगम ने अगली कार्रवाई शुरू कर दी है और सोमवार तक दोनों मकानों पर जुर्माना तय कर दिया जाएगा। खास बात यह है कि इन दोनों मकानों में दूसरी बार बिजली चोरी पकड़ी गई है। इसके अलावा मुख्यमंत्री उड़नदस्ते ने जयश्री के समीप से एक बाजरा से भरा ट्रक भी पकड़ा है।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को गुप्त सूचना मिली थी कि मांढी हरिया गांव में दो परिवार धड़ल्ले से बिजली चोरी कर रहे हैं। उन्होंने सीधे ट्रांसफार्मर से तार जोड़ रखी है। सूचना के आधार पर मुख्यमंत्री उड़नदस्ता दादरी पहुंचा और विजिलेंस व बिजली निगम टीम को साथ लेकर मांढी हरिया में दबिश दी। टीम में फोरमैन महाबीर सिंह, विनोद कुमार, अशोक कुमार व कृष्ण सोलंकी समेत ईएचसी. विजय कुमार व गुप्तचर विभाग के कर्मचारी शामिल किए।
संयुक्त टीम ने मांढी हरिया के दो घरों को चेक किया तो उनमें बिजली चोरी होती मिली। टीम ने जब जांच की तो ट्रांसफार्मर से सीधी तार जुड़ी मिली। एक मकान का लोड 1.703 किलोवॉट और दूसरे का लोड 1.690 किलोवॉट मिला। इसका जुर्माना बाद में तय किया जाएगा। वहीं, टीम में शामिल कर्मचारियों ने बताया कि एक बार पहले भी इन मकानों में बिजली चोरी पकड़ी जा चुकी है।
मार्केट फीस की चोरी कर भेजा जा रहा था 200 क्विंटल बाजरा
मुख्यमंत्री उड़नदस्ते को शनिवार दोपहर बाद गुप्त सूचना मिली थी कि जयश्री में एक व्यापारी ने ट्रक रोड पर खड़ा किया हुआ है। इसमें बाजरा है, जिसकी मार्केट फीस नहीं भरी गई है। टीम मार्केट कमेटी के कर्मचारियों के साथ जयश्री पहुंची और जांच के दौरान ट्रक में 200 क्विंटल बाजरा मिला। मार्केट फीस चोरी व पेनल्टी के तौर पर 5250 रुपये जुर्माना किया गया।