हरियाणा में चरखी दादरी शहर के पुराने अस्पताल के समीप चार दुकानों में शनिवार रात आग लग गई। आग से चारों दुकानों में रखा लाखों का सामान जल गया। रविवार दोपहर मालिकों ने नुकसान का आकलन कर प्रशासन को सूचित किया। उन्होंने बताया कि आग का कारण शॉर्ट-सर्किट है।
जानकारी के अनुसार 8 अप्रैल की रात 12 बजे पुराने अस्पताल के पास स्थित चार दुकानों में शॉर्ट- सर्किट से आग लग गई। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम और दुकान मालिक घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल विभाग की चार गाड़ियों ने साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। एक गाड़ी भिवानी से भी बुलाई गई। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की चार गाड़ियों को सात फेरे लगाने पड़े। आग से जेपी टूल्स, जगदम्बे इलेक्ट्रोनिक्स, दक्ष अचार स्टोर और श्रीराम सरल केंद्र में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया।