जींद में आयोजित राज्यस्तरीय स्पर्धा के अंडर-14 आयुवर्ग में दादरी की टीम का रहा सराहनीय प्रदर्शन
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। जींद में आयोजित राज्यस्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के अंडर-14 आयुवर्ग में चरखी दादरी ने सिरसा को नौ विकेट से हराया। लक्ष्य का पीछा करते हुए दादरी टीम की तरफ से यश सोलंकी ने 35 रन की कप्तानी पारी खेल टीम काे जीत दिलाई।
कोच रोहित सोलंकी ने बताया कि दादरी की टीम ने टाॅस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। वहीं, पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिरसा की टीम की शुरुआत खराब रही जबकि मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने भी दादरी की मजबूत गेंदबाजी के आगे घुटने टेक दिए और टीम 77 रन ही बना पाई। सिरसा की तरफ से आरव ने 35 व रेहान ने 16 रन की पारी खेली जबकि बाकी कोई बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया। दादरी की ओर से गेंदबाजी करते हुए जमतीक ने 3, जतिन व जसैल ने 1-1 विकेट लिया।
वहीं, 78 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दादरी की टीम की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही निकुल 9 रन पर पैवेलियन लौट गया। इसके बाद जसैल ने 22 व कप्तान यश सोलंकी ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 12 गेंदों पर 5 चौकों व एक छक्के की मदद से ताबड़तोड़ 35 रन की पारी खेली और टीम को जीत दिलाई।
फोटो 27
सिरसा को शिकस्त देने वाली दादरी की क्रिकेट टीम अपने कोच के साथ। स्रोत : कोच