संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। बारिश के पानी की निकासी को लेकर शहर में युद्धस्तर पर कार्य शुरू हो गया है। पहले चरण में रेस्ट हाउस के पास डिस्पोजल तक पाइपलाइन बिछाई जा रही है। कीकरवासनी क्षेत्र के पास पाइपलाइन बिछाने का कार्य पहले ही पूरा हो चुका है और अब वहां केवल पंप चैंबर निर्माण होना है। पानी निकासी व्यवस्था के तहत ही रेस्ट हाउस तालाब की गाद निकालने और समसपुर एसटीपी की सफाई का कार्य भी करवाया जाएगा।
बता दें कि पिछले काफी समय से दादरी शहर मानसून में जलभराव की समस्या से जूझता आ रहा है। जिसके चलते बाजार के दुकानदारों सहित आम लोगों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा है। ऐसे में उपायुक्त मनदीप कौर के निर्देशों पर जनस्वास्थ्य विभाग के माध्यम से शहर में शुरू किए गए विकास कार्य लोगों के लिए उम्मीद की नई किरण लेकर आए हैं। यूं तो कई दिन पहले मंजूर हुए इन विकास कार्यों पर पूर्व में ही काम शुरू हो जाना था, लेकिन उपायुक्त मनदीप कौर ने चरणबद्ध तरीके से योजना पर काम करते हुए इन विकास कार्यों को शुरू करवाने की पहल की।
उपायुक्त की योजना के अनुसार पहले चरण में दादरी से अतिक्रमण हटवाकर शहर को साफ एवं सुंदर बनाना है। उसके बाद ही शहर से जलभराव की समस्या को खत्म करने पर काम किया जा सकता है। क्योंकि शहर में अतिक्रमण के कारण प्राकृतिक जल निकासी के सभी मार्ग बंद हो गए हैं और नालों की सफाई भी नहीं हो पाती है। इसी सोच को ध्यान में रखते हुए उपायुक्त के निर्देशों पर पिछले कई दिनों से शहर में अवैध कब्जों पर ताबड़तोड़ कार्रवाई की जा रही है और इस कार्रवाई के सकारात्मक बदलाव भी अब नजर आने लगे हैं।
इसी योजना को आगे बढ़ाते हुए उपायुक्त ने जन स्वास्थ्य विभाग के माध्यम से बारिश के पानी की निकासी सुनिश्चित करने के लिए कई कार्यों को शुरू करवाया है, जिसमें फिलहाल रेस्ट हाउस तालाब तक पाइपलाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के तहत 4600 मीटर की बड़ी पाइपलाइन बिछाई जाएगी और तालाब के पास पंप चैंबर भी बनाया जाएगा। तालाब की चहारदीवारी भी इस योजना के तहत शामिल है। कार्य के तहत पांच पंप मशीन, एक जनरेटर व ट्रांसफार्मर भी लगाया जाएगा।
- भविष्य की सुविधा के लिए कुछ दिन हो सकती है परेशानी : डीसी
उपायुक्त मनदीप कौर का कहना है कि भविष्य के लिए व्यवस्थाएं जब ठीक की जाती हैं तो कुछ समय के लिए परेशानी सहन करनी पड़ सकती हैं। दादरी के लोगों की भलाई को देखते हुए शहर में काम करवाए जा रहे हैं। गहनता से विचार विमर्श के बाद ही अतिक्रमण हटाने और बारिश के पानी की निकासी के लिए पाइपलाइन डालने का काम शुरू करवाया गया है। हालांकि इस समय लोगों को कुछ परेशानी हो सकती है, लेकिन दादरी के भविष्य के लिए ये कार्य मील का पत्थर साबित होंगे।