प्रतिबंधित पॉलिथीन मिलने पर कार्रवाई करता टीम सदस्य।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। सिंगल यूज प्लास्टिक के प्रयोग पर अंकुश लगाने के लिए सोमवार को नगर परिषद व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम की ओर से शहर में अभियान चलाया गया। इस दौरान टीम की ओर से दुकानों में निरीक्षण किया गया और प्रतिबंधित पॉलीथिन मिलने पर दुकानदारों के चालान भी किए गए।
नगर परिषद से प्रदीप फोगाट, महेश कुमार और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से कनिष्ठ अभियंता नवदीप राणा व विनोद कुमार के नेतृत्व में टीमों ने आठ दुकानों में पॉलिथीन मिलने पर चार हजार रुपये के चालान किए। इस दौरान करीब एक किलोग्राम पॉलीथिन भी जब्त की गई।
टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध है। इसके बावजूद काफी संख्या में लोग प्रतिबंधित पॉलीथिन का प्रयोग कर रहे हैं जिससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है।
इस दौरान टीम ने दुकानदारों, ग्राहकों को पॉलीथिन के बजाय कपड़े से बने थैलों का प्रयोग करने के बारे में जागरूक किया। टीम ने कहा कि भविष्य में भी यह अभियान जारी रहेगा। यदि किसी दुकान या प्रतिष्ठान पर प्रतिबंधित पॉलिथीन मिलती है तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।