चरखी दादरी। बढ़ती ठंड के बीच अब धुंध का दौर शुरू होने वाला है। इस मौसम में हादसों में कमी लाने के उद्देश्य से दादरी जिला पुलिस ने नेशनल हाईवे के किनारे खड़े होने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। पुलिस का कहना है कि बगैर जरूरी कारण और सुरक्षा इंतजाम के वाहन खड़े करने वाले चालकों को समझाने के बजाय दंडात्मक कार्रवाई का सामना करना होगा, ताकि सड़कों पर होने वाले हादसों पर लगाम लगाई जा सके।
पुलिस विभाग ने सार्वजनिक सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष मुहिम शुरू की है जिसमें नेशनल हाईवे के संवेदनशील हिस्सों पर वाहनों को रोकने, खड़े करने और इमरजेंसी लाइटिंग ऑन न करने पर नजर रखी जा रही है। पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा का कहना है कि ठंड और कोहरे में दृश्यता कम होने से धीमी गति में चलने वाले वाहन और सड़क किनारे खड़े वाहन टकराव का मुख्य कारण बन रहे हैं। इसीलिए नियम कायदे सख्ती से लागू करने का निर्णय लिया गया है ताकि यात्रियों की सुरक्षा बनी रहे।
ये अपनाएं नियम
पुलिस अधीक्षक अर्श वर्मा ने कहा है कि केवल वास्तविक आपातकाल की दशा में ही वाहन सड़क किनारे रोके जाएं और उस स्थिति में भी आवश्यक चेतावनी संकेत और सेफ्टी उपकरण जैसे रिफ्लेक्टिव जैकेट, ट्रायंगल और हाजॉर्ड लाइट का प्रयोग अनिवार्य होगा। दूसरी तरफ, अनावश्यक ठहराव या विश्राम के बहाने हाईवे पर वाहन रोकने वालों पर जुर्माना, वाहन जब्ती और आवश्यकतानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हाईवे पेट्रोलिंग बढ़ाई गई है और टोल नाकों, सर्विलांस कैमरों और पेट्रोलिंग व्हीकल्स के जरिए मॉनिटरिंग तीव्र कर दी गई है।
बिना कारण वाहन खड़ा मिला तो होगी कार्रवाई
नेशनल हाईवे पर अनावश्यक खड़े वाहन दूसरे वाहन चालकों के लिए जानलेवा साबित हो रहे हैं। इनसे होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए पेट्रोलिंग बढ़ा दी गई है। यदि बिना कारण सड़क किनारे वाहन खड़े मिले तो वाहन मालिक व चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
बॉक्स :
अमर उजाला ने उठाया था मुद्दा
हाईवे के किनारे खड़े रहने वाले वाहन हादसों का बड़ा कारण बनते हैं। अमर उजाला समाचार पत्र ने दो से लेकर पांच दिसंबर तक यातायात सुरक्षा की खामियों के मुद्दे को प्रमुखता से उठाया था, जिसमें शुक्रवार के अंक में नियमों के बावजूद नहीं थम रहा सड़क किनारे वाहन खड़ा करने का सिलसिला शीर्षक के साथ इसी मुद्दे को उठाया था। वहीं बुधवार देर रात को नेशनल हाईवे 152डी पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में ट्राला सवार दो लोगों की जिंदा जलने से मौत भी हो गई थी। इन्हीं पर संज्ञान लेते हुए पुलिस ने नेशनल हाईवे के किनारे वाहन खड़ा करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है।
यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस की ओर से ट्रिपल राइडिंग, लेन ड्राइविंग, ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवर स्पीड व बिना नंबर प्लेट के वाहनों के भी चालान किए जा रहे हैं। नियम तोड़ने वालों के नवंबर माह से अभी तक दादरी पुलिस द्वारा 2866 चालान किए गए हैं। - अर्श वर्मा, पुलिस अधीक्षक दादरी।