चरखी दादरी। आरटीए टीमें ओवरलोड वाहनों पर लगातार कार्रवाई कर रही हैं। पिछले 30 दिनों में 399 ओवरलोड वाहनों के चालान किए गए हैं। इतना ही नहीं चालान में 90 लाख रुपये जुर्माना लगाया गया है। औसत देखें तो प्रतिदिन 20 से 22 वाहनों पर कार्रवाई हो रही है।
दरअसल, जिले में क्रशर जोन होने के चलते भारी वाहनों का आवागमन ज्यादा है। इतना ही नहीं खनन सामग्री से भरे कई वाहन ओवरलोड भी चलते हैं जो सड़कों को नुकसान पहुंचाने के साथ राहगीरों व वाहन चालकों के लिए भी खतरा हैं। जिले में हर साल होने वाले हादसों में से 30 फीसदी हादसों का कारण भारी वाहन बनते हैं। इसके मद्देनजर जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में हर बार अधिकारी ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई करने के आदेश देते हैं।
अक्तूबर माह में आरटीए टीमों ने इन आदेश का बखूबी पालन किया। एक से 30 अक्तूबर तक प्रतिदिन ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की गई। मुख्य मार्गों के अलावा आरटीए टीमें संपर्क मार्गों व क्रशर जोन में भी कार्रवाई के लिए पहुंचीं। इन प्रयास के सकारात्मक परिणाम सामने आए और चालान के जरिये सरकारी राजस्व बढ़ाया गया। वहीं, तीन बार वाहन ओवरलोड मिलने पर चालक का लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश भी स्थानीय अधिकारी मुख्यालय से कर रहे हैं।
सात माह में टीमें लगा चुकीं 6.23 करोड़ का जुर्माना
आरटीए टीमें अप्रैल 2024 से लेकर अक्तूबर तक 2082 ओवरलोड वाहनों के चालान कर चुकी हैं। इन वाहनों पर 6.23 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया। हालांकि, इस कार्रवाई के बावजूद जिले में ओवरलोडिंग नहीं रुक रही है।
- हमारी टीमें ओवरलोड वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रयास करती रहती हैं। इस माह 399 ओवरलोड वाहनों के चालान कर 90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
- बलबीर सिंह, आरटीए सह-सचिव, चरखी दादरी