चरखी दादरी। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय (सीबीएलयू) भिवानी ने विद्यार्थियों की परीक्षा संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए ऑनलाइन स्टूडेंट ग्रीवेंस पोर्टल शुरू किया है। इस नई व्यवस्था के लागू होने के बाद अब विद्यार्थियों को परिणाम संबंधी त्रुटियों, री-अपीयर, री-इवेल्यूएशन, डीएमसी, माइग्रेशन और अन्य परीक्षा संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
जिले के आठ महाविद्यालयों में पढ़ने वाले हजारों विद्यार्थियों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। सीबीएलयू से जुड़े कॉलेजों में रिजल्ट व परीक्षा संबंधी अनेकों त्रुटियां सामने आती है जिन्हें विद्यार्थियों को स्वयं यूनिवर्सिटी जाकर दुरुस्त करवाना पड़ता है। इससे विद्यार्थियों का समय तो खराब होता ही है साथ ही आर्थिक नुकसान और मानसिक पीड़ा भी झेलनी पड़ती है। बार-बार चक्कर लगाने से विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ऑनलाइन कर सकेंगे शिकायत : विश्वविद्यालय परीक्षा शाखा की ओर से नोटिस में बताया गया है कि अब परीक्षा शाखा से जुड़े सभी शिकायत व आवेदन ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। किसी भी प्रकार की ऑफलाइन आवेदन प्रक्रिया या हार्ड कॉपी जमा नहीं होगी। न ही विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने पड़ेंगे। विद्यार्थी अपने यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रेशन नंबर के माध्यम से पोर्टल पर लॉगिन कर अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे। इसके साथ ही शिकायत की स्थिति भी ऑनलाइन ट्रैक कर पाएंगे।
त्रुटियों को दूर करवाने के लिए विवि के चक्कर लगाने में ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों के लिए यह समस्या और अधिक बढ़ जाती थी। बसों के किराये, समय की बर्बादी और लंबी लाइनें विद्यार्थियों के लिए परेशानी का कारण बनती थीं। हर माह सैकड़ों विद्यार्थी परीक्षा शाखा से जुड़े कार्यों के लिए भिवानी पहुंचते थे। ऐसे में पोर्टल शुरू होने के बाद विद्यार्थियों को राहत मिलेगी। संवाद