चरखी दादरी। एपीएस स्कूल की छात्रा एवं युवा बॉक्सर वंशिका अहलावत ने ताशकंद, उज्बेकिस्तान में एक से 15 मई तक आयोजित अंडर-17 एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए बॉक्सिंग प्रतियोगिता में सिल्वर मेडल जीतकर देश, प्रदेश और विद्यालय का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
वंशिका अहलावत ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान अद्भुत खेल कौशल, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया। उन्होंने कई मजबूत और अनुभवी प्रतिद्वंद्वियों को हराकर फाइनल तक का रोमांचक सफर तय किया। हालांकि वह स्वर्ण पदक से थोड़ा पीछे रह गईं लेकिन उनका यह प्रदर्शन देश के लिए किसी बड़ी उपलब्धि से कम नहीं माना जा रहा।
विद्यालय संचालक नवीन श्योराण, प्रधानाचार्या लक्ष्मी सांगवान ने कहा कि कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिल्वर मेडल जीतना वंशिका की अथक मेहनत, समर्पण और परिवार के सहयोग का परिणाम है। उनकी इस उपलब्धि ने यह सिद्ध कर दिया है कि यदि युवा अपने लक्ष्य के प्रति ईमानदारी और मेहनत से आगे बढ़ें तो सफलता निश्चित रूप से कदम चूमती है। भविष्य में उनसे देश के लिए और भी बड़ी उपलब्धियों की उम्मीद की जा रही है।