सिविल अस्पताल में लगी मरीजों की लाइन।
चरखी दादरी। जिले में लगातार बदल रहे मौसम का असर लोगों की सेहत पर दिख रहा है। तेज धूप, उमस और बारिश के कारण वायरल बुखार, सर्दी-जुकाम और त्वचा संबंधी रोगों के मरीज तेजी से बढ़ रहे हैं। नागरिक अस्पताल सहित निजी अस्पतालों और क्लीनिकों में मौसम जनित बीमारियों के रोगियों की संख्या में वृद्धि हुई है।
चिकित्सकों के अनुसार, सिविल अस्पताल में प्रतिदिन 300 से अधिक मरीज केवल मौसम से जुड़ी बीमारियों के इलाज के लिए पहुंच रहे हैं। नागरिक अस्पताल की कुल ओपीडी भी 1100 के पार पहुंच गई है। अस्पताल में सुबह से ही मरीजों की लंबी कतारें देखी जा रही हैं। सबसे अधिक मरीज वायरल बुखार, खांसी, जुकाम, गले में दर्द और आंखों के संक्रमण की शिकायतें लेकर आ रहे हैं।
त्वचा पर एलर्जी की समस्या भी बढ़ी है। बच्चों और बुजुर्गों पर मौसम का सबसे ज्यादा असर देखा जा रहा है। दमा और एलर्जी से पीड़ित मरीजों की परेशानी भी बढ़ गई है। बारिश के बाद बढ़ी नमी और उमस के कारण खुजली, फंगल संक्रमण और चकत्तों की समस्या वाले मरीज भी अधिक आ रहे हैं।
बच्चों और बुजुर्गों को अधिक खतरा
मुख्य चिकित्सा अधिकारी नरेश कुमार ने बताया कि बदलते मौसम में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होती है। इससे संक्रमण तेजी से फैलता है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों की प्रतिरोधक क्षमता कम होने के कारण वे जल्दी बीमार पड़ रहे हैं। उन्हें अधिक खतरा है। कई मरीजों में दो से तीन दिन तक तेज बुखार, शरीर दर्द और कमजोरी की शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
बचाव के लिए सलाह
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। उन्होंने बाहर का खुला और बासी भोजन खाने से बचने को कहा। पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पानी पीने और हाथों की नियमित सफाई रखने की अपील की गई है। बारिश में भीगने के बाद तुरंत सूखे कपड़े पहनने की सलाह दी गई। बुखार या संक्रमण के लक्षण दिखने पर स्वयं दवा लेने के बजाय चिकित्सक से परामर्श लेने को कहा गया है।