चरखी दादरी। शहर के लोहारू रोड पर स्थित एक निजी अस्पताल में अपनी मां से मिलने आई महिला को एक बाइक चालक ने टक्कर मार दी। अब महिला के पति की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने आरोपी बाइक चालक पर केस दर्ज कर लिया है।
गांव समसपुर निवासी किसान राजेश ने पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि उनकी सास बरामा देवी शहर के लोहारू रोड स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती की गई थी। अपनी सास से मिलने के लिए वह चार मार्च को पत्नी अनिल देवी, बेटा संदीप और दोस्त सतबीर के साथ अस्पताल आए थे। इसी दौरान वे अस्पताल के सामने एक दुकान पर चाय पीने के लिए चले गए।
उनकी पत्नी अनिल देवी अस्पताल में अपनी मां के पास जा रही थी। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज रफ्तार बाइक ने उसे टक्कर मार दी। घटना में वह नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई और बेसुध हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे हिसार रेफर कर दिया। अब शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी बाइक चालक पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।