चरखी दादरी में एक व्यक्ति को 20 हजार का लालच देकर बैंक खाता में धोखाधड़ी की रकम मंगवाने का मामला सामने आया है। इस मामले में पुलिस बैंक खाताधारक को एक माह पहले गिरफ्तार कर चुकी है और अब उसकी बेटी ने 6 लोगों पर उसके पिता को फंसाने का आरोप लगाते हुए दादरी साइबर थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने 6 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। अहम बात ये है कि छात्रा की ओर से दर्ज करवाए गए केस का मुख्य आरोपी लापता है और उसके परिजनों ने भी गुमशुदगी का केस दर्ज करवाया है।
पुलिस को दी शिकायत में लाला लाजपतराय चौक निवासी अर्पिता गुप्ता पुत्री अमित गुप्ता ने बताया कि वो बीबीए की छात्रा है। उनके परिवार की गोपाल बंसल के साथ अच्छी जान पहचान है। नवंबर 2023 में उन्होंने उसके पिता अमित गुप्ता से संपर्क किया और बताया कि अपने व्यापारिक सहयोगियों से व्यापार से संबंधित राशि प्राप्त करने के लिए उसे बैंक खातों की आवश्यकता है। वह उन व्यापारिक लेनदेन को अपने खातों में प्राप्त नहीं करना चाहता है, क्योंकि भविष्य में उसे आयकर विभाग से परेशानी हो सकती है। इसलिए उन्हें जान पहचान और विश्वसनीय व्यक्ति के खाते की जरूरत है और उन व्यावसायिक लेनदेन और कमीशन के रूप में 20,000 रुपये की पेशकश की।
अर्पिता गुप्ता ने बताया कि गोपाल ने उसे आश्वस्त किया कि लेन-देन की पूरी जिम्मेदारी उसकी है। अर्पिता ने बताया कि उसका परिवार कठिन वित्तीय समय से गुजर रहा था और उसके पिता को नियमित और शैक्षणिक खर्चों को पूरा करने में कठिनाई का सामना करना पड रहा था, इसलिए उसके पिता ने गोपाल बंसल को बैंक खाते का विवरण प्रदान कर दिया।
यूं मंगवाई गई रकम
शिकायतकर्ता छात्रा ने बताया कि 20 नवंबर 2023 को गोपाल बंसल ने अपने सहयोगियों के साथ उसे पिता से संपर्क किया और कहा कि खाते में व्यापार लेन-देन राशि जमा की है। इसके बाद उसके पिता ने उक्त राशि निकालकर उन्हें दे दी। इसके बाद शाम को गोपाल उनके घर आया और उसके पिता को 20000 रुपये दे गया। अर्पिता ने बताया कि इसके बाद उसने एक और खाता का विवरण मांगा। इसके बाद अमित गुप्ता ने बेटी अर्पिता के बैंक खाते की जानकारी उसे दे दी। 21 नवंबर 2023 को अर्पिता के खाते में 11,10,624 रुपये प्राप्त हुए। इसके बाद गोपाल बंसल और उसके सहयोगियों ने ये राशि उसके खाते से निकलवा ली।
पुलिस ले गई अमित को गिरफ्तार करके
शिकायतकर्ता अर्पिता ने बताया कि 29 नवंबर 2023 को उसे पिता अमित गुप्ता को सेंट्रल साइबर थाना पुलिस टीम गिरफ्तार करके ले गई। टीम ने उन्हें बताया कि अमित पर एफआईआर नंबर 45/2023 दर्ज हुई है। अर्पिता ने बताया कि इसके बाद उसने गोपाल बंसल और उनके सहयोगियों से संपर्क किया तो उन्होंने विश्वास दिलाया कि वो अमित के मामले में पूरा ध्यान रखेंगे और जल्द ही शिकायतकर्ताओं को रकम वापस कर देंगे।
इन पर दर्ज हुआ केस
अर्पिता की शिकायत पर दादरी साइबर थाना पुलिस ने गोपाल बंसल समेत उसके नौकर रोहित और सहयोगी विष्णु गोयल, अनिरुद्ध , रोहित व केशव पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।