जावा निवासी शिकायतकर्ता ने पिता की सर्जरी के लिए पैसों की जरूरत पड़ने पर राजस्थान के जोधपुर निवासी एक शख्स को दी थी गाड़ी
लोन की किस्तें चुकाए बिना फर्जी दस्तावेज से गाड़ी नाम करवाकर तीसरे शख्स को दी
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव जावा निवासी एक व्यक्ति ने दो लोगों पर फर्जी दस्तावेज और उसके फर्जी हस्ताक्षर व फोटो प्रयोग कर गाड़ी अपने नाम करवाने का आरोप लगाया है।
एसपी कार्यालय में दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच की। इस संबंध में राजस्थान के जोधपुर जिले के गांव डानवरा निवासी राजेश और चंडीगढ़ के सेक्टर-40 ए निवासी जयविंद्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल, किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
पुलिस को दी शिकायत में संदीप कुमार ने बताया कि उसके पास एक गाड़ी थी। वर्ष 2020 में उसके पिता की सर्जरी के समय पैसों की जरूरत थी। इसके चलते उसने जोधपुर के गांव डानवरा निवासी राजेश को गाड़ी दे दी और पैसे ले लिए। उस दौरान उसने शर्त रखी थी कि लोन की बाकी बची किस्तें राजेश को छह माह के अंदर भरनी होगी। संदीप के अनुसार, उस दौरान राजेश ने यह शर्त मान ली थी।
शिकायतकर्ता के अनुसार, कुछ दिन बाद उसके पास बैंक से लोन भरने के लिए फोन आया। इसके बाद उसे पता चला कि राजेश ने लोन की एक भी किस्त नहीं भरी है। गत वर्ष नवंबर माह में उसने दादरी एसडीएम कार्यालय में गाड़ी के बारे में जानकारी ली। इससे उसे चता चला कि गाड़ी जसविंद्र के नाम है। फर्जी दस्तावेज, हस्ताक्षर व फोटो प्रयोग कर ये प्रक्रिया पूरी करने के लिए एनओसी ली गई है। संदीप का आरोप है कि राजेश व जसविंद्र ने मिलीभगत करके गाड़ी अपने नाम करवाई है। अब उसने पुलिस से आरोपियों पर कार्रवाई कर गाड़ी बरामद कराने की मांग की है।