अचीना निवासी युवक को कान के पास मारी गई गोली, युवक ने वर्ष 2007 में की थी चाची की हत्या
युवक के चचेरे भाई के बयान पर पुलिस ने अज्ञात पर दर्ज किया केस
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। गांव अचीना में दो साल पहले जेल से बाहर आए बुधराम (43) की रक्षाबंधन के दिन खेत में बने कमरे में गोली मारकर हत्या कर दी गई। बुधराम के कान के पास गोली मारी गई है। मौके से अचीना ताल चौकी पुलिस ने दो खोल और तीन कारतूस बरामद किए। वहीं, बुधराम के चचेरे भाई के बयान पर बौंदकलां थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में महेंद्र ने बताया कि वह खेती करता है। उसका चचेरा भाई बुधराम भी उसके साथ ही रहता था। छह माह से वह खेत में बने कमरे में रह रहा था। दो साल पहले वह अपनी चाची लाली की हत्या के मामले में सजा पूरी करके जेल से बाहर आया था।
महेंद्र ने बताया कि सोमवार को रक्षाबंधन के दिन उसकी बहन राखी बांधने आई थी। राखी बंधवाने के लिए उसने बुधराम को दो बार फोन किया, लेकिन, बुधराम ने फोन नहीं उठाया। करीब सुबह सात बजे वह उसे बुलाने के लिए खेत में चला गया। उसने कमरे के बाहर आवाज दी, लेकिन, वह नहीं बोला। बाद में उसने कमरे में जाकर देखा तो वह खून से लथपथ चारपाई पर पड़ा था। इसके बाद उसने इसकी सूचना ग्रामीणों व पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची अचीना चौकी पुलिस जायजा लिया। वहीं, एफएसएल टीम ने भी मौके से सबूत एकत्र किए। इस दौरान टीम को पूरा कमरा खून से सना मिला। मृतक के कान के पास गोली लगी हुई थी। साथ ही मौके से तीन कारतूस व दो खोल बरामद हुए। इसके बाद टीम ने शव को कब्जे में ले लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचाया।
एक माह पहले हुआ था विवाद
महेंद्र ने बताया कि एक माह पहले गांव निवासी कुलदीप व बास के कुछ व्यक्तियों की उसके भाई बुधराम से कहासुनी हुई थी। उसने पुलिस को शिकायत देकर हत्यारे का पता लगाकर कार्रवाई करने की मांग की है।
फोटो 01
चारपाई पर मृत पड़ा बुधराम। संवाद