गांव घिकाड़ा के निवर्तमान सरपंच के निर्धारित तिथि तक पंचायती रिकॉर्ड जमा न करवाने पर सदर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
पुलिस को दी शिकायत में पंचायत विभाग के बीडीपीओ ने बताया कि पंचायतों का कार्यकाल पूरा होने के बाद सरकार की ओर से बीडीपीओ को प्रशासक नियुक्त किया गया। इसके लिए सरपंचों को 23 फरवरी तक पंचायतों को रिकॉर्ड बीडीपीओ कार्यालय में जमा करवाने के निर्देश दिए थे। इसके लिए विभाग और ग्राम सचिव ने भी निवर्तमान सरपंच से रिकॉर्ड जमा करवाने को कहा था, लेकिन निवर्तमान सरपंच ने निर्धारित 23 फरवरी तक रिकॉर्ड बीडीपीओ कार्यालय में जमा नहीं करवाया। इसके बाद पंचायत विभाग को पता चला कि ग्राम पंचायत घिकाड़ा का पंचायती रिकॉर्ड आग लगने से जल गया है। अब इस संबंध में बीडीपीओ की शिकायत पर सदर पुलिस ने निवर्तमान सरपंच सोमेश के खिलाफ धारा 188 व 409 आईपीसी के तहत एफआईआर दर्ज की है।
मुझे पंचायत विभाग के ग्राम सचिव ने रिकॉर्ड जमा करवाने को कहा था। उस दिन मैं किसी काम से चंडीगढ़ गया हुआ था। मैंने ग्राम सचिव से चंडीगढ़ से लौटने पर यह रिकॉर्ड जमा करवाने को कह दिया था। बाद में मेरे मकान में अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई, जिससे मेरे ऑफिस में रखा पंचायत का रिकार्ड भी जल गया।
सोमेश, निवर्तमान सरपंच
निवर्तमान सरपंच सोमेश के खिलाफ पुलिस ने धारा 188 व 409 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
इंस्पेक्टर जगबीर सिंह, प्रभारी सदर पुलिस थाना दादरी