कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए लगाए गए नाइट कर्फ्यू का लोग पालन नहीं कर रहे हैं। एक ही रात में पुलिस ने चार जगहों से नौ लोगों को नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ थानों में आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत केस दर्ज किए गए हैं। पांच आरोपियों की गिरफ्तारी सदर थाना क्षेत्र से तो चार की गिरफ्तारी झोझूकलां थाना क्षेत्र से हुई है।
मामले के अनुसार सोमवार देर रात सदर थाना पुलिस टीम हेड कांस्टेबल संदीप के नेतृत्व में बाढड़ा रोड पर गश्त कर रही थी। टीम को भैरवी गांव के समीप स्थित चार युवक सड़क पर खड़े मिले। वे नाइट कर्फ्यू के बावजूद बाहर निकलने का संतोषजनक कारण नहीं बताए पाए और पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। उनकी पहचान हिसार के डोभी निवासी सतीश, भिवानी के दुल्हेड़ी निवासी पवन, खेड़ी बूरा निवासी महेश और उमरवास निवासी रवि के रूप में हुई। दूसरे मामले में
दिल्ली रोड पर समसपुर गांव से भी सदर थाना पुलिस ने अनीष नामक को नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार किया है। वहीं, झोझूकलां थाना पुलिस ने मकड़ानी गांव के अड्डे से भी दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उन पर नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन करने, सार्वजनिक स्थान पर शराब का सेवन करने और शांतिभंग करने का आरोप है। आरोपियों की पहचान मकड़ानी निवासी संजीव उर्फ सोनू और जोनी के रूप में हुई है। इसके अलावा पुलिस की दूसरी टीम ने हनुमान मंदिर के पास से भी दो लोगों को काबू किया है। आरोपियों की पहचान राजस्थान के सीकर जिला निवासी राहुल व झोझूकलां निवासी मिनुदीन के रूप में हुई।
नाइट कर्फ्यू का पालन न करने वालों पर अब सख्ती बरती जाएगी। सोमवार रात नौ लोगों को नाइट कर्फ्यू का उल्लंघन करने पर गिरफ्तार किया गया है और उनके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत केस दर्ज हुआ है।
विनोद कुमार, एसपी, चरखी दादरी