धटनास्थल पर पड़ी क्षतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : CharkhiDadri
ढाणी फाटक रेलवे ओवरब्रिज पर रविवार शाम एक तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि मृतक की बुआ और उसकी नातिन घायल हो गई। महिला को रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। सिटी थाना पुलिस पीजीआई में उपचाराधीन महिला के बयान लेने देर शाम ही पहुंच गई। रात करीब सवा आठ बजे तक घायल के पुलिस बयान नहीं हो पाए थे। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार रेवाड़ी के शैय गांव निवासी बिजेंद्र (25) अपनी बुआ और भांजी के साथ बाइक से दादरी के ढाणी फाटक रेलवे ओवरब्रिज से गुजर रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में कैंटर का टायर बिजेंद्र के सिर के ऊपर से गुजर गया और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, बाइक सवार महिला और बच्ची को उपचार के लिए दादरी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। जहां से महिला को प्राथमिक उपचार के तुरंत बाद पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल हरिओम ने बताया कि हादसा ढाणी फाटक ओवरब्रिज पर हुआ है और इसमें बिजेंद्र नामक युवक की मौत हुई है। मैं पीजीआई घायल महिला के बयान लेने पहुंच चुका हूं। घायल महिला के बयान लेने के बाद ही पता चल पाएगा कि वे कहां से कहां जा रहे थे और हादसा कैसे हुआ।