फोटो- 05
दादरी रेलवे स्टेशन का प्लेटफॉर्म, जहां कैंटीन बनाई जाएगी। संवाद
- रेलवे विभाग की ओर से जल्द सिरे चढ़ाई जाएगी निविदा प्रक्रिया, डीआरएम के आदेश पर खाेली जाएगी कैंटीन
- दादरी रेलवे स्टेशन से प्रतिदिन गुजरती हैं 20 सवारी ट्रेनें
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म पर विभाग की ओर से जल्द ही यात्रियों की सुविधा के लिए कैंटीन सेवा शुरू की जाएगी। यह प्रक्रिया विभाग निविदा प्रक्रिया के जरिये सिरे चढ़ाएगा। इसके लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। वहीं, स्थानीय अधिकारियाें की मानें तो करीब एक सप्ताह पहले निरीक्षण के लिए पहुंचे डीआरएम डॉ. आशिष ने इस संबंध में आदेश दिए थे।
यात्रियों के लिए फिलहाल रेलवे स्टेशन पर खाने-पीने की सुविधाओं का अभाव है। लोगों को खाने-पीने के सामान के लिए बाजार में आना पड़ता है। फिलहाल, एक स्टॉल लगाई गई है। यह भी बंद रहती है। रेवाड़ी व हिसार की ओर से आने-जाने वाले यात्रियों को खाद्य सामग्री के लिए स्टेशन से बाहर जाना पड़ता है। कैंटीन की कमी के कारण यात्रियों को दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं।
वहीं, पिछले सप्ताह बीकानेर मंडल से डीआरएम डॉ. आशिष ने दादरी स्टेशन का दौरा कर चल रहे विकास कार्य का जायजा लिया था। उस दौरान जब उन्होंने पानी की मांग की तो कर्मचारी पानी लेने के लिए स्टेशन से बाहर आए।
उन्होंने स्टॉल के बारे में जानकारी ली थी। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों को भी यहां पर जल्द स्टॉल और कैंटीन की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। अब यहां पर कैंटीन बनाने की प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों की मानें तो जल्द निविदा प्रक्रिया सिरे चढ़ा दी जाएगी। प्रयास है कि जल्द कैंटीन सुविधा शुरू कर दी जाए।
- कैंटीन में मिलेगी यह व्यवस्था
स्टेशन पर बनने वाली कैंटीन में रेलवे नियमों के अनुसार सामान रखना होगा। इसमें पानी, पेय पदार्थ, खाने संबंधी सामान, पैकेजिंग फूड समेत अन्य सामान रखा जा सकता है। विभाग की कैंटीन के साथ दोनों प्लेटफॉर्म पर स्टॉल लगाए जाने की योजना है। इनका कार्य भी जल्द पूरा होगा और यात्रियों को खाने-पीने का सामान भी यहीं पर ही मिलेगा।
वर्सन:
कैंटीन की टेंडर प्रक्रिया अभी जारी है। जल्द ही विभाग की ओर से यह सेवा शुरू करवा दी जाएगी। इसके बाद यात्रियों को खाने व पीने का सारा सामान स्टेशन पर मिलेगा।
-मुकेश कुमार, स्टेशन अधीक्षक, चरखी दादरी