कांग्रेस से बागी होकर इस बार निर्दलीय चुनाव लड़ रहे अजीत फोगाट, शुक्रवार रात करीब 12:30 बजे छपार से लौटते समय हुआ हमला
संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। दादरी हलके से निर्दलीय प्रत्याशी अजीत फोगाट को गाड़ी सवारों ने घेरकर रुकवाया और फिर मारपीट की। घटनाक्रम के बाद देर रात ही प्रत्याशी सदर थाने पहुंचा और पुलिस को लिखित शिकायत दी। प्रत्याशी के अनुसार रासीवास के ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर अपना बचाव किया वरना आरोपी कुछ भी कर सकते थे। वहीं, दूसरे पक्ष की ओर से भी मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है जिसमें अजीत पर मतदाताओं को बरगलाने का आरोप है।
अजीत पिछले 23 सालों से कांग्रेस से जुड़े रहे और इस बार टिकट कटने पर उन्होंने निर्दलीय नामांकन किया है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार रात वो अपने किसी परिचित से मिलने छपार गांव गए थे। रात करीब 12:30 बजे जब वह वापस दादरी आ रहे थे तो कुछ लोगों ने पांच-छह गाड़ियाें से उनका पीछा शुरू कर दिया। छपार से निकलने के बाद उनकी गाड़ी को घेरकर रुकवाया गया।
अजीत के अनुसार गाड़ियों में सवार असामाजिक तत्व नीचे उतरे और उनकी गाड़ी के पास पहुंच गए। इसके बाद उन्हें गाड़ी से नीचे उतारकर मारपीट की जिसमें उनके माथे पर चोट लगी। उसी दौरान रासीवास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने बीच-बचाव किया। इसके बाद अजीत अपनी गाड़ी में सवार होकर सीधे दादरी सदर थाने पहुंचे और जानलेवा हमले का आरोप लगाकर पुलिस को शिकायत सौंपी। शिकायत में उन्होंने बताया कि हमला सुनियोजित था और एक दिन पहले भी उन्होंने ऐसा हमले होने का अंदेशा जाहिर किया था।
- दूसरे पक्ष ने भी दी शिकायत
अजीत फोगाट के खिलाफ दूसरे पक्ष के लोगों ने शिकायत दी है। उनका आरोप है कि देर रात अजीत फोगाट ने मतदाताओं को बरगलाने का प्रयास किया और आचार संहिता का भी उल्लंघन किया। इस शिकायत की जांच निर्वाचन आयोग करेगा।
वर्सन:
हमारे पास दोनों पक्षों की शिकायत आई है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसी आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - ओमप्रकाश, एसएचओ, दादरी सदर थाना।
फोटो 01
अजीत फोगाट के माथे पर लगी चोट। स्रोत : सूत्र
फोटो 02
हमले के बाद सदर थाने में शिकायत देने पहुंचे अजीत फोगाट। स्रोत: सूत्र