संवाद न्यूज एजेंसी
चरखी दादरी। शहर निवासी एक चार्टेड अकाउंटेंट ने दो फर्माें के खातों से भूलवश 1.22 करोड़ की ट्रांजेक्शन तीसरी फर्म के खाते में कर दी। यह रकम किसी और फर्म के खाते में डाली जानी थी। जिस फर्म के खाते में रुपये पहुंचे, उसके प्रोपराइटर ने बैंक से नकदी निकलवाई और भाग निकला। वहीं, सीए की शिकायत पर पुलिस ने आशीष गोयल पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में काठमंडी क्षेत्र निवासी केशव चाबा ने बताया कि वह सीए हैं। दादरी में कई फर्म व कंपनियों के अकाउंट व जीएसटी का काम देखते हैं। इनमें से एक फर्म मां जगदंबा इंटरप्राइजेज का प्रोपराइटर घिकाड़ा रोड निवासी मंजीत और दूसरी फर्म कपिल सेल्स कॉरपोरेशन है, जिसका प्रोपराइटर कपिल है।
4 अप्रैल को मां जगदंबा इंटरप्राइजेज के प्रोपराइटर मंजीत का फोन आया। उन्होंने नेट बैंकिंग के जरिये ओम इंटरप्राइजेज, जिसका प्रोपराइटर अनिकेत है, उसके पास आरटीजीएस से साढ़े 72 लाख रुपये ट्रांसफर करने के लिए कहा। कुछ देर बाद कपिल सेल्स कॉरपोरेशन से कपिल का फोन आया। उन्होंने भी ओम इंटरप्राइजेज, जिसका प्रोपराइटर अनिकेत है, उसके पास आरटीजीएस से साढ़े 49 लाख रुपये भेजने की बात कही।
इसके बाद उन्होंने दोनों फर्माें के खातों से 1.22 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। ये रकम गलती से ओम इंटरप्राइजेज के नाम से दूसरी फर्म के खाते में भेज दिए। इसका प्रोपपराइटर गांधी नगर निवासी आशीष गोयल है। इसका पता लगने के कुछ देर बाद शिकायतकर्ता ने आशीष गोयल को फोन किया तो उसने आरटीजीएस के जरिये 1.22 करोड़ ट्रांसफर करने की बात कही। कुछ देर बाद जब फिर उसे फोन किया तो आशीष गोयल ने कहा कि बैंक जा रहा हूं। कुछ देर में ही रुपये आ जाएंगे। इसके बाद उसने फोन बंद कर लिया।
सीए ने बताया कि जब बैंक में पता किया तो पता चला कि 1.22 करोड़ रुपये आशीष गोयल ने नकद निकलवाए। उसके बाद रुपये लेकर भाग निकला। इसके बाद सीएम केशव चाबा ने पुलिस को शिकायत दी।