संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। बाढड़ा बस स्टैंड परिसर में बदहाल पड़े सार्वजनिक शौचालय की परिवहन विभाग ने सुध ले ली है। जीएम नवीन शर्मा के आदेश देने के बाद बस अड्डा प्रभारी की ओर से शौचालय की सफाई व पानी की व्यवस्था कराने के साथ मरम्मत भी कराई गई है। इससे अब यात्रियों को राहत मिलेगी। वहीं, बाढड़ा बस स्टैंड परिसर में बदहाल शौचालय की समस्या अमर उजाला ने प्रमुखता से उठाई थी।
बाढड़ा बस स्टैंड के सार्वजनिक शौचालय लंबे समय से बदहाल थे। अमर उजाला ने 24 मार्च के संस्करण में बस स्टैंड में बने सार्वजनिक शौचालय बदहाल, पानी की भी व्यवस्था नहीं...नामक शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। खबर प्रकाशित होने पर चरखी दादरी डिपो के जीएम नवीन शर्मा ने संज्ञान लिया और बस अड्डा प्रभारी को शौचालय की अव्यवस्था दूर कराने का आदेश दिया।जीएम के आदेश पर अमल करते हुए मंगलवार को बस अड्डा स्थित सार्वजनिक शौचालय की दशा सुधारी गई।
कस्बा निवासी दुकानदार संदीप, कृष्ण, अनिल, सुरेश, अजीत आदि ने बताया कि बस स्टैंड परिसर में बने शौचालय के सुचारु होने से आम लोगों व आसपास के दुकानदारों को परेशानियों का सामना नहीं करना होगा। दुकानदारों ने सार्वजनिक शौचालय की सफाई व मरम्मत करवाने पर रोडवेज विभाग का धन्यवाद किया है।