बजट को लेकर विद्यार्थियों के साथ चर्चा करते विधायक सुनील सांगवान।
- फोटो : 1
चरखी दादरी। दादरी के विधायक सुनील सांगवान ने शुक्रवार को गांव बिरही कलां स्थित कैप्टन जिले सिंह स्कूल में केंद्रीय बजट 2026 को लेकर विद्यार्थियों व युवाओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान विद्यार्थियों व युवाओं ने केंद्रीय बजट के बारे में चर्चा की।
युवाओं ने बजट की प्रशंसा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार व्यक्त किया। इस दौरान विधायक सुनील सांगवान ने कहा कि केंद्रीय बजट 2026 देश के युवाओं को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। बजट में रोजगार सृजन, शिक्षा में सुधार, कौशल विकास और स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए कई प्रावधान किए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर उन्हें देश के विकास में भागीदार बनाना है। विधायक ने बताया कि बजट में स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम, तकनीकी शिक्षा, डिजिटल लर्निंग और स्वरोजगार को बढ़ावा देने वाली योजनाओं के माध्यम से युवाओं के लिए नए अवसर सृजित होंगे। इससे न केवल रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को भी मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी।
संवाद के दौरान युवाओं ने बजट से जुड़े अपने प्रश्न और सुझाव भी रखे। विधायक सुनील ने युवाओं से सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील इंजीनियर, नवीन काकड़ोली, मैनेजिंग डायरेक्टर राजपाल सांगवान आदि भी मौजूद रहे।