बाढड़ा। जिला परिषद ने स्वर्ण जयंती खंड उत्थान योजना के तहत बाढड़ा खंड के 17 गांवों में चार करोड़ की विकास परियोजनाओं को स्वीकृति दी है। जिला परिषद चेयरमैन मनदीप डालावास की अध्यक्षता में आयोजित स्वर्ण जयंती खंड उत्थान योजना बैठक में बिजली पानी, गली निर्माण समेत मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी कई प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई।
बैठक में गांव भांडवा में सौरा नहर से श्मशान घाट तक पाइप लाइन बिछाने के लिए 20 लाख, बाढड़ा में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 34 लाख, बाढड़ा महिला काॅलेज में दौड़ ट्रैक, दो स्टेज व सौ मीटर चहारदीवारी निर्माण के लिए 14 लाख का बजट मंजूर हुआ है। इसी प्रकार गांव बिलावल में अनुसूचित जाति चौपाल निर्माण के लिए 20 लाख, डोहका दीना में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 34 लाख, द्वारका में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 34 लाख, हंसावास कलां व गोविंदपुरा में अनुसूचित जाति चौपाल के लिए 40 लाख, काकड़ौली हुक्मी में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 34 लाख, कारी धारणी में स्कूल की मरम्मत के लिए 20 लाख, पाइप लाइन के लिए 36 लाख, कारीरुपा में अनुसूचित जाति चौपाल के लिए 20 लाख, गांव लाड में स्कूल की मरम्मत के लिए 10 लाख, पंचगाव में अनुसूचित जाति चौपाल के लिए 20 लाख, सिरसली में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए 34 लाख, सिरसली में स्कूल मरम्मत के लिए 10 लाख, सूरजगढ़ में स्कूल मरम्मत के लिए 10 लाख की राशि स्वीकृत की गई है।