चरखी दादरी। शहर के मुख्य मार्गों और विभिन्न कॉलोनियों में टूटे, धंसे और टेढ़े पड़े सीवर मैनहोल के ढक्कन आमजन की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। कई स्थानों पर मैनहोल के ढक्कन सड़क की सतह से नीचे धंस चुके हैं जबकि कुछ जगहों पर ढक्कन टूटे हुए या टेढ़े होने से वाहन चालकों और राहगीरों को हर समय दुर्घटना का डर बना रहता है।
स्थानीय लोगों ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग से जल्द कार्रवाई कर सभी क्षतिग्रस्त और बिना लेवल के लगे मैनहोल ढक्कनों को बदलने की मांग की है। शहर के व्यस्त मार्गों पर प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। ऐसे में सड़क के बीच बने टूटे या धंसे मैनहोल वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं।
दोपहिया वाहन चालक अक्सर इन गड्ढेनुमा मैनहोल से बचने के लिए अचानक वाहन मोड़ते हैं जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। बारिश के दौरान पानी भरने से मैनहोल दिखाई नहीं देते और खतरा कई गुना बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार सबसे अधिक समस्या एनएच-148बी स्थित लोहारू रोड ओवरब्रिज के साथ बनी सर्विस रोड पर देखने को मिल रही है। इसके अलावा मेजबान चौक, पारस वाली गली, रेलवे रोड, मथुरी घाटी, वार्ड-19 स्थित वेयरहाउस के पीछे, लाला लाजपत राय चौक, वैश्य स्कूल के पास सहित शहर के अनेक हिस्सों में सीवर मैनहोल के ढक्कन टूटे, धंसे या असमान स्तर पर लगे हुए हैं।
कई जगहों पर वाहनों के लगातार दबाव से ढक्कन हिलते रहते हैं जिससे तेज आवाज भी आती है और हादसे का खतरा बना रहता है। राहगीरों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को इस समस्या से अवगत कराया जा चुका है लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इन मैनहोलों की मरम्मत नहीं करवाई गई तो किसी भी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। स्कूल जाने वाले बच्चों, बुजुर्गों और दोपहिया वाहन चालकों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आम राहगीरों व वाहन चालकों को झेलनी पड़ती है परेशानी
मुख्य बाजारों और चौकों में सड़क की खराब स्थिति के कारण ग्राहकों को भी दिक्कत होती है। भारी वाहन गुजरने पर मैनहोल के ढक्कन हिलते हैं जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भी परेशानी होती है। कई स्थानों पर ढक्कनों के किनारे टूटने से सड़क पर गड्ढे बन गए हैं जिनमें वाहन फंसने की घटनाएं भी सामने आती रहती हैं।
संबंधित विभाग सर्वे करवा ठीक करवाए मैनहोल
स्थानीय दुकानदारों ने जिला प्रशासन से तत्काल सर्वे करवा सभी क्षतिग्रस्त मैनहोल की सूची तैयार करवाने और प्राथमिकता के आधार पर मजबूत एवं मानक गुणवत्ता वाले नए ढक्कन लगाए जाने की मांग की है। साथ ही सड़क की सतह के बराबर लेवलिंग कराई जाए ताकि वाहन चालकों को परेशानी न हो। लोगों का कहना है कि समय रहते समस्या का समाधान होने से संभावित हादसों पर रोक लगेगी और शहर की यातायात व्यवस्था भी सुरक्षित एवं सुगम बन सकेगी।
वर्सन:
हमारी टीम लगातार टूटे व जर्जर सीवर मैनहोल को तुरंत प्रभाव से बदलने का काम कर रही है। इसके अलावा बिना लेवल के ढक्कनों को ठीक करवाने के लिए निविदाएं आवंटित कर कार्य करवाया जाएगा।मुकेश कुमार, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग।