चरखी दादरी। सरसों की आवक मंडियों में बंद हो चुकी है और अब पहले से मंडी पहुंची सरसों की खरीद की जा रही है। इस सीजन में जिले के तीनों केंद्रों पर सरसों की रिकॉर्ड आवक व खरीद हुई। इस सीजन में वीरवार तक की स्थिति देखें तो 9.58 लाख क्विंटल सरसों की खरीद की गई है जो गत साल की तुलना में चार गुना है।
जिले की दादरी और बाढड़ा मंडी समेत झोझूकलां केंद्र पर सरसों की खरीद एक अप्रैल से शुरू हुई थी, जो अब खत्म हो चुकी है। इस खरीद सीजन में जिले की मंडियों में 9.58 लाख क्विंटल सरसों की आवक हुई और एजेंसी ने खरीद केंद्रों पर पहुंची सरसों की खरीद वीरवार को पूरी कर ली। बुधवार और वीरवार की बात करें तो दो दिन में रिकॉर्ड 1.90 लाख क्विंटल सरसों की खरीद की गई।
अब उठान की बात करें तो खरीद के मुकाबले उठान की रफ्तार काफी धीमी है। वीरवार दोपहर तक की स्थिति देखें तो 3.68 लाख क्विंटल सरसों का उठान हो चुका है जबकि 5.90 लाख क्विंटल की उठान अभी बाकी है। सर्वाधिक 3.50 लाख क्विंटल से अधिक सरसों दादरी मंडी में पड़ी है।
तीनों केंद्रों पर सरसों आवक और खरीद की ये है स्थिति
इस सीजन दादरी मंडी में 5.91 लाख क्विंटल की आवक हुई है। इसमें से सारी सरसों एजेंसी ने खरीदी है। बाढड़ा मंडी में 2.26 लाख क्विंटल सरसों की आवक हुई है और इसमें से 2.17 लाख क्विंटल की खरीद हुई है। झोझूकलां केंद्र पर 1.50 लाख क्विंटल सरसों की आवक हुई है और यहां सारी सरसों खरीदी गई है। 49567 किसान सरसों लेकर तीनों खरीद केंद्रों पर पहुंचे हैं।
दादरी मंडी में 3.53 लाख क्विंटल सरसों की उठान बाकी
दादरी मंडी की बात करें तो 5.91 लाख क्विंटल में से 2.37 लाख क्विंटल सरसों की उठान हुई है जबकि 3.53 लाख क्विंटल उठान बाकी है। इसी प्रकार बाढड़ा मंडी में 2.17 लाख क्विंटल में से 78777 क्विंटल उठान हुई है और 1.39 लाख क्विंटल उठान बाकी है। इसी प्रकार झोझूकलां केंद्र पर खरीदी गई 1.50 लाख क्विंटल में से 52 हजार क्विंटल की उठान हुई है, जबकि करीब 1.98 लाख क्विंटल उठान बाकी है।