बाढड़ा। गांव गोपालवास निवासी एक बोरिंग मशीन चालक की सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतक के पुत्र ने थाना बाढड़ा में कैंपर चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उसने चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है।
पुलिस को दी शिकायत में मृतक के पुत्र सुमित ने बताया कि उसके पिता सुरेंद्र बोरिंग मशीन चलाने का काम करते थे। शनिवार रात करीब आठ बजे वे मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव रामबास से अपने घर लौट रहे थे। सुमित का आरोप है कि बडराई गांव के पास सामने से आ रहे एक कैंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद कैंपर मोटरसाइकिल सहित सुरेंद्र को काफी दूर तक घसीटता ले गया। दुर्घटना के बाद कैंपर चालक घायल सुरेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कादमा ले गया। वहां वह वाहन खड़ा कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर परिजन घायल सुरेंद्र को सरकारी अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने सुरेंद्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक के बेटे के बयान पर कैंपर चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।