चरखी दादरी/झोझूकलां के पालड़ी अड्डे पर सड़क अवरुद्ध करने पर पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया है जबकि दो मौके से फरार हो गए। गिरफ्तार किए गए आरोपी पालड़ी के ही रहने वाले हैं और सातों के खिलाफ झाेझूकलां थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार
जानकारी के अनुसार वीरवार रात झोझूकलां थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दादरी-महेंद्रगढ़ रोड को पालड़ी अड्डे पर कुछ युवकों ने अवरुद्ध किया हुआ है। उक्त युवकों ने सड़क पर बाइक और स्कूटी खड़ी करने के साथ पत्थर भी डाल रखे है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पांच युवकों को काबू कर लिया। उनकी पहचान पालड़ी निवासी शिवा, परमबीर, मनोज, अक्षय और सचिन के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि जो युवक फरार हुए है उनके नाम सागर व कपिल है। इसके बाद पुलिस उक्त युवकों को थाने ले आई और वहां उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
गो तस्करी की मिली थी युवकों को सूचना
बताया जा रहा है कि जिन युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है उन्हें सूचना मिली थी कि गायों से भरा वाहन इस रोड से गुजरेगा। इस सूचना के आधार पर वो पालड़ी अड्डे पर पहुंचे थे। हालांकि इसकी अधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई।