दादरी जिले में अभी तक बर्ड फ्लू का कोई केस नहीं मिला है। इस विषय को लेकर आम नागरिक किसी अफवाह पर ध्यान न दें और मांस-अंडा को अच्छी तरह उबाल कर ही खाएं। यह जानकारी बर्ड फ्लू को लेकर कैंप ऑफिस में अधिकारियों की बुलाई गई बैठक में उपायुक्त राजेश जोगपाल ने दी। उन्होंने बताया कि प्रशासन ने एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य, पशुपालन, पुलिस, पंचायत एवं नगरपरिषद को आवश्यक निर्देश दे दिए हैं।
उपायुक्त ने कहा कि पशुपालन विभाग ने जिले में 29 टीमों का गठन किया है। ये टीमें पोल्ट्री फार्म, चिकन सेंटर आदि पर जाकर मुर्गा-मुर्गियों का निरीक्षण करेंगी। जिले में इस समय 148 पोल्ट्री फार्म हैं। इनमें से साठ फार्म खाली हैं और बाकी में 11 लाख 54 हजार 360 मुर्गे-मुर्गियां हैं। उपायुक्त ने कहा कि पोल्ट्री फार्म संचालक अपने पास मास्क व रबर के दस्ताने अवश्य रखें। नंगे हाथों से पक्षियों को न छुएं। इसी प्रकार मीट विक्रेता भी अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए दस्ताने व मास्क का प्रयोग करें।
उपायुक्त ने कहा कि बर्ड फ्लू से किसी व्यक्ति या पशु में बीमारी आने की संभावना से संबधित कोई रिपोर्ट नहीं है। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग ने बुखार, निमोनिया आदि के मरीजों के लिए स्थानीय नागरिक अस्पताल में अलग वार्ड बना दिया है। किसी मरीज में बुखार, निमोनिया के लक्षण दिखाई देते हैं तो उससे मांस या अंडा आदि खाने के बारे में पूछताछ की जाएगी।
मृत पक्षी देखें तो 01250-297009 पर करें कॉल
उपायुक्त ने कहा कि आम नागरिक अपने आसपास किसी मृत पक्षी या पशु को देखे तो उसको हाथों से ना छुएं। इसकी जानकारी पशुपालन विभाग के दूरभाष नंबर 01250-297009 व एसडीओ डा. नरेंद्र देशवाल के नंबर 94164-34761 पर दें। उपायुक्त ने कहा कि इन दिनों कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। ऐसे मौसम में ठंड के कारण भी पक्षी की मौत हो सकती है। इसलिए लोग यह न समझें कि बर्ड फ्लू से ही पक्षी की मृत्यु हुई है।
74 डिग्री तापमान पर पकाने के बाद करें अंडा और मीट का सेवन
उपायुक्त ने कहा कि लोगों को सावधानी रखते हुए मांस या अंडा अच्छी तरह उबाल कर ही खाना चाहिए। कम से कम 74 डिग्री तापमान पर पकाने के बाद ही अंडा एवं मांस का सेवन करे। अधपके मीट या अंडे का सेवन न करें। उपायुक्त ने पुलिस विभाग को निर्देश दिए कि जिला की सीमा में पेट्रोलिंग के दौरान यह ध्यान रखे कि कोई गाड़ी कहीं मृत पक्षी डालकर ना चली जाए।
स्लॉटर हाउस को शुरू करने के दिए आदेश
उपायुक्त ने बैठक में दादरी शहर के स्लॉटर हाऊस को फिर से शुरू करने के आदेश दिए हैं। उन्होंने दादरी एसडीएम डॉ. विरेंद्र सिंह को ग्रामीण व शहरी क्षेत्र में चलाई जा रही मीट की दुकानों को चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी एचपी बंसल, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. जसवंत जून, डॉ. धीरज यादव, डॉ. प्रशांत गुलिया, नगरपरिषद सचिव प्रशांत पाराशर उपास्थित रहे।