रोहतक एसटीएफ की गोली का शिकार हुए बेगुनाह युवक बिंदर की हत्या के विरोध में हुए प्रदर्शन में शुक्रवार को तमाम सामाजिक संगठनों ने प्रदर्शन किया। फौगाट खाप ने भी प्रदर्शन को समर्थन देते हुए हत्यारोपी चारों पुलिस कर्मियों की गिरफ्तारी की मांग का समर्थन किया। परिजनों के साथ मिलकर प्रदर्शनकारियों ने गृह मंत्री अनिल विज का पुतला फूंकते हुए प्रशासन को अल्टीमेटम दिया कि 19 फरवरी तक चारों आरोपी पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी न हुई तो दादरी बंद किया जाएगा। इस दौरान नायब तहसीलदार के माध्यम से प्रदेश सरकार को तीन सूत्रीय ज्ञापन भी भेजा गया। प्रदर्शन को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रदर्शन के कारण शहर की सड़कों पर काफी लंबा जाम लगा रहा।
मालूम हो कि बीती सात फरवरी को रोहतक एसटीएफ की गोली से जान गंवाने वाले बिंदर की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। शुक्रवार को बिंदर की मौत के मामले में परिजनों को इंसाफ दिलाने के लिए जिले के सामाजिक , व्यापारी संगठन समेत फौगाट खाप भी सड़क पर उतर आई। विभिन्न संगठनों के पदाधिकारियों की संयुक्त अगुवाई में शुक्रवार सुबह शहर में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने गृहमंत्री अनिल विज का पुतला भी फूंका।
वहीं, एसपी से मुलाकात के बाद ऐलान किया गया कि अगर एक सप्ताह के अंदर तीन मुख्य मांगें पूरी नहीं होती हैं तो 19 फरवरी से पूरा बाजार अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि हत्या के पांच दिन बाद भी एसटीएफ के दो एएसआई और एक सिपाही की गिरफ्तारी नहीं की गई है। केवल एक सिपाही हरेंद्र को हत्या के मामले में गिरफ्तार किया गया है जबकि बाकी तीन और पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार करने की बजाय पुलिस ने क्लीन चिट दिया। प्रदर्शन के बाद एसपी से मिलने पहुंचे परिजन और जनसंगठनों के प्रतिनिधियों ने कहाकि हत्याकांड में शामिल एसटीएफ के तीन और पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी एक सप्ताह के अंदर चाहिए। पीड़ित परिवार के वकील संजीव तक्षक ने कहा कि मृतक को इंसाफ और हत्याकांड में शामिल पुलिसकर्मियों को सजा दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
आक्रोश देख वापस लौटे एसपी
लघु सचिवालय पहुंचे प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए व्यापार मंडल के कार्यकारी अध्यक्ष रविंद्र गुप्ता ने कहाकि अगर दस मिनट के अंदर एसपी उनके बीच नहीं पहुंचे तो प्रदर्शनकारी एसपी कार्यालय पहुंचे। जानकारी पर एसपी विनोद कुमार खुद प्रदर्शनकारियों के बीच पहुंचे और उनको समझाने का प्रयास करने लगे लेकिन प्रदर्शनकारियों के आक्रोश से उनको वापस लौटना पड़ा।
मांगे न मानी तो 19 से बाजार बंद
नगर व्यापार मंडल कार्यकारी प्रधान रविंद्र गुप्ता ने कहा कि तीन और पुलिसकर्मियों की गिरफ्तारी, मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी और परिवार को 50 लाख की आर्थिक सहायता की घोषणा एक सप्ताह के अंदर नहीं होती है तो बाजार बंद रखा जाएगा। फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया व्यापार मंडल के प्रधान जयभगवान मस्ताना ने भी इस फैसले का समर्थन किया। वहीं, फौगाट खाप-19 सचिव सुरेश फौगाट ने कहाकि सभी खापों का सहयोग लेकर 19 को बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
संयुक्त किसान मोर्चा समेत पार्षद उतरे समर्थन में
संयुक्त किसान मोर्चा की तरफ से राजू मान ने एक सप्ताह बाद होने वाले बड़े प्रदर्शन में सहयोग का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शन में दादरी ही नहीं भिवानी जिले के लोग भी भाग लेने पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि काफी संख्या में कितलाना टोल प्लाजा से किसान दादरी पहुंचेंगे। वहीं, पार्षद मनोज वर्मा और दिनेश जांगड़ा ने भी प्रदर्शन में भाग लिया।
शहर की सड़कों पर लगा जाम
प्रदर्शनकारियों ने सुबह साढ़े दस बजे रोज गार्डन के सामने से प्रदर्शन की शुरूआत की। हालांकि प्रदर्शनकारियों के आगे और पीछे पुलिस वाहनों चलते रहे। 100 से अधिक पुलिसकर्मी भी कानून व्यवस्था के लिए तैनात किए गए। रोष प्रदर्शन के चलते 25 मिनट तक बस स्टैंड रोड पर ट्रैफिक के पहिये थमे रहे। प्रदर्शनकारियों के परशुराम चौक पार कर कोर्ट रोड पर पहुंचने के बाद ही बस स्टैंड रोड की ट्रैफिक व्यवस्था बहाल हुई।
मृतक के परिजनों ने दादरी पुलिस की जांच पर असंतोष जाहिर करते हुए उच्च स्तरीय एजेंसी से जांच करवाने की मांग की थी। अब यह मामला क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर कर दिया गया है। दादरी पुलिस ने मामले की जांच निष्पक्षता से कर रही थी।
विनोद कुमार, एसपी, चरखी दादरी