चरखी दादरी। दादरी-दिल्ली मार्ग स्थित मोरवाला टोल प्लाजा पर एक तेज रफ्तार कैंटर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में भिवानी के अजीतपुरा निवासी बाइक सवार चचेरे भाई घायल हो गए। अचीना ताल चौकी पुलिस ने घायलों के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दिए बयान में अजीतपुरा निवासी रामपाल ने बताया कि 12 सितंबर को सुबह करीब साढ़े चार बजे वो अपने चचेरे भाई सरजीत के साथ बाइक पर सवार होकर गुरुग्राम मारुति कंपनी में किसी काम से जा रहा था। जब वो मोरवाला टोल प्लाजा पर पहुंचे तो एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में वो दोनों घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे की सूचना मिलते ही अचीना ताल चौकी से पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और घायल पक्ष के बयान दर्ज किए। इस संबंध में कैंटर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।