सिविल अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम होने का इंतजार करते मृतक के परिजन व ग्रामीण।
चरखी दादरी। गांव भैरवी के पास हुई सड़क दुर्घटना में बाइक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान खेड़ी बत्तर निवासी सुनील 31 के रूप में हुई। सोमवार सुबह सदर थाना पुलिस ने सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस ने इस संबंध में आरोपी डंपर चालक पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार सुनील कुमार रविवार रात आठ बजे अपने गांव से चरखी दादरी आ रहा था। उसी दौरान जब वो गांव भैरवी बस स्टैंड के पास पहुंचा तो पीछे से आ रहे डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद डंपर बाइक को घसीटता हुए ले गया। हादसे के बाद आरोपी डंपर चालक मौके से फरार हो गया। उसी दौरान मृतक का चचेरा भाई प्रदीप भी सुनील के पीछे बाइक पर सवार होकर आ रहा था। हादसे में गंभीर रूप से घायल सुनील कुमार को प्रदीप ने राहगीरों की मदद से नागरिक अस्पताल चरखी दादरी पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रदीप ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सुनील कुमार राजमिस्त्री का काम करता था। रविवार देर शाम शहर में आ रहा था। उसी दौरान डंपर चालक की लापरवाही से हादसा हो गया। हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने प्रदीप के बयान पर चालक के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।