चरखी दादरी। दादरी शहर के लोहारू चौक ओवरब्रिज पर बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में रामनगर गांव निवासी विक्रम (27) की मौत हो गई। दादरी पुलिस ने शनिवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया और बड़े भाई बिट्टू के बयान पर इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की।
रामनगर निवासी बिट्टू ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि विक्रम उसका छोटा भाई था। वो दिहाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। शुक्रवार रात वो बाइक पर सवार होकर बुआ के पास गांव कोंट जा रहा था। जब वो दादरी के लोहारू चौक ओवरब्रिज पर पहुंचा तो उसकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई।
हादसे में विक्रम गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद राहगीरों ने डायल 112 पर कॉल की और पुलिस टीम ने उसे दादरी नागरिक अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया और शनिवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा गया। जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप ने बताया कि इस संबंध में इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की गई है।
परिवार ने खोया मुखिया
मृतक विक्रम की दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी 3 और छोटी बेटी 2 साल की है। उसी से घर का चूल्हा जलता था और अब पत्नी के कंधों पर पति की सारी जिम्मेदारी आ गई है।