वैवाहिक सीजन शुरू होते ही सोशल मीडिया पर डिजिटल निमंत्रण कार्ड भेजने का चलन तेजी से बढ़ गया है। लोग दूर बैठे परिचितों को व्हाट्सएप से शादी के कार्ड भेज रहे हैं, लेकिन अब यह सुविधा खतरे में बदल रही है। साइबर अपराधियों ने इसी ट्रेंड का फायदा उठाते हुए लोगों को ठगने का नया तरीका खोज निकाला है। इस नए साइबर स्कैम को लेकर पुलिस अधीक्षक (एसपी) अर्श वर्मा ने एडवाइजरी जारी की है और लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
एसपी ने बताया कि ठग अब व्हाट्सएप पर शादी के निमंत्रण कार्ड के रूप में एक फाइल भेजते हैं, जो वास्तव में एपीके फाइल होती है। यह कोई सामान्य कार्ड नहीं बल्कि एंड्रॉइड एप्लिकेशन पैकेज होता है। जैसे ही कोई व्यक्ति इस फाइल को डाउनलोड करता है, उसका मोबाइल हैक हो सकता है। इस फाइल के इंस्टॉल होते ही मोबाइल का पूरा रिमोट एक्सेस साइबर अपराधियों को मिल जाता है। वे यूजर के एसएमएस, व्हाट्सएप चैट, बैंकिंग एप और पासवर्ड सहित हर निजी डेटा तक पहुंच बना लेते हैं। इसके बाद ठग मिनटों में बैंक खातों से रुपये उड़ा देते हैं।
ऐसे कार्ड अक्सर किसी अनजान या संदिग्ध नंबर से भेजे जाते हैं। ये मैसेज बेहद आकर्षक भाषा में होते हैं ताकि लोग बिना सोचे-समझे अटैचमेंट पर क्लिक कर दें। उन्होंने कहा कि पारंपरिक पीडीएफ फाइलों के बजाय जब भी कोई इनविटेशन एपीके फॉर्मेट में आए, तो तुरंत सावधान हो जाएं और उसे बिल्कुल भी डाउनलोड न करें।
सुरक्षा के उपाय :
किसी भी अनजान व्यक्ति से आए लिंक या फाइल को न खोलें।
किसी नए एप को इंस्टॉल करते समय उसमें मांगी जा रही अनुमतियों की जांच जरूर करें।
कोई व्यक्ति ऐसे साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाता है या खाते से पैसे कट जाते हैं, तो घबराने की बजाय तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।