बाढड़ा राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं राजकीय माध्यमिक विद्यालय गोपी का निरीक्षण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
बाढड़ा। खंड शिक्षा अधिकारी जलकरण ने बाढड़ा राजकीय प्राथमिक विद्यालय एवं राजकीय माध्यमिक विद्यालय गोपी का निरीक्षण किया। इस दौरान शैक्षिक वातावरण, आधारभूत सुविधाएं व विभागीय योजनाओं के सुचारु क्रियान्वयन की स्थिति का आकलन किया गया।
इस अवसर पर कक्षा दो व तीन के छात्रों का फाउंडेशनल लिटरेसी एंड न्यूमरसी कार्यक्रम के तहत मूल्यांकन किया गया। छात्रों से भाषा एवं गणित संबंधी प्रश्न पूछकर उनकी समझ व दक्षता की जांच की गई। बीईओ ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि छात्रों की व्यक्तिगत प्रगति पर विशेष ध्यान दिया जाए ताकि नींव स्तर पर ही विद्यार्थियों की शैक्षिक गुणवत्ता को सुदृढ़ किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान पेयजल एवं शौचालयों की स्थिति का भी जायजा लिया गया। उन्होंने विद्यालय में स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए ईको क्लब इंचार्ज के साथ चर्चा की और छात्रों को स्वच्छता अभियान से जोड़ऩे पर बल दिया।
इसके अतिरिक्त विद्यालय भवन की स्थिति, अध्यापक दैनिक डायरी, पाठ्यक्रम की प्रगति, छात्रों की उपस्थिति रजिस्टर व स्टाफ हाजिरी रजिस्टर का भी निरीक्षण किया गया। मध्याह्न भोजन व्यवस्था की गुणवत्ता और स्वच्छता की भी जांच की गई। उन्होंने निर्देश दिए कि छात्रों को पौष्टिक और समय पर भोजन उपलब्ध हो।
खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि शिक्षा विभाग का उद्देश्य छात्रों को केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित रखना नहीं है, बल्कि उनमें जीवनोपयोगी मूल्यों का विकास करना भी है।
फोटो 30- गांव गोपी में शिक्षण व्यवस्था का जायजा लेते बीईओ। संवाद