स्कूल में शिक्षकों के साथ बैठक करते बीईओ जलकरण सिंह।
बाढड़ा। खंड शिक्षा अधिकारी जलकरण सिंह ने शुक्रवार को विभिन्न स्कूलों की जांच की। इसमें ऑनलाइन कक्षाएं व शिक्षकों के कार्य की समीक्षा कर उन्हें निर्देश भी दिए। जिले में 23 नवंबर तक प्रदूषण के कारण सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
इस दौरान छात्रों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं सुचारु रूप से संचालित करने के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कृष्णा फोगाट ने निर्देश दिए। इसके अनुसार ही सभी खंडों में बीईओ ने स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में अध्यापक की उपस्थिति और डायरी जांच की गई। बीईओ ने स्कूल में विज्ञान प्रयोगशाला और कंप्यूटर लैब का भी अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान शिक्षकों से पाठ्यक्रम की जानकारी ली गई। साथ ही शिक्षण सामग्री, पेयजल, शौचालय व अन्य संसाधनों सुविधा भी जांची।
बीईओ जलकरण ने बताया कि आगामी बोर्ड परीक्षाओं में रिजल्ट सुधार के लिए जिला स्तर और खंड से निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए सभी विद्यालय प्रभारियों को भी अवगत कराया गया है और घोषित अवकाश के दौरान ऑनलाइन कक्षाओं के माध्यम से शिक्षण कार्य जारी रखने के निर्देश दिए गए है। विद्यालय निरीक्षण के बाद स्टाफ सदस्यों की बैठक लेकर उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि रिजल्ट में गुणात्मक वृद्धि के लिए ब्लू-प्रिंट के अनुसार अभ्यास प्रश्न-पत्र तैयार करके छात्रों की तैयारी करवाएं। पूर्व के प्रश्न-पत्रों को भी हल करवाएं। छात्रों को अधिक शिक्षण के लिए उचित माहौल प्रदान करें।