बाजारों में त्योहारी सीजन पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है और इसके चलते बुधवार को बाजरों में दिनभर जाम की स्थिति बनी रही। वहीं, पुलिस ने परशुराम चौक को वन-वे करने के साथ बाजरों में प्रवेश वालीं सात सड़कों पर बैरिकेड्स लगाकर नाकाबंदी कर दी है। आज सुबह आठ बजे से बाजरों में चौपहिया वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। केवल दुपहिया वाहन ही बैरिकेड्स से आगे ले जाने की छूट रहेगी।
त्योहारी सीजन में अब बस स्टैंड और कोर्ट रोड के अलावा पुरानी सब्जी मंडी और अनाज मंडी क्षेत्र में सड़क किनारे स्टालें लग गई हैं। इसके चलते बाजार की सड़कें संकीर्ण हो गई हैं। वहीं, ग्राहकों की काफी भीड़ भी इन स्टॉलों पर उमड़ रही है। चौपहिया वाहन बुधवार को बाजारों में बेरोकटोक आए और इसके चलते शाम तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस विभाग की कहना है कि शहर में सात नाके बुधवार को लगा दिए गए हैं। इन नाकों पर ड्यूटियां लगा दी गई हैं और वीरवार से इन्हें सक्रिय कर दिया जाएगा।
पुलिस विभाग की योजना अनुसार वीरवार सुबह आठ बजे से बाजार की सड़कों पर चौपहिया वाहनों को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। इन वाहनों को वहीं रुकवा जाएगा। विशेषकर कोर्ट रोड पर परशुराम चौक और लाला लाजपतराय चौक पर बैरिकेड्स लगाकर नाकाबंदी कर दी गई है। एक नाके पर आठ से दस पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त रखने के आदेश जारी कर दिए है।
पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने ट्रैफिक एसएचओ समेत राइडरों और पीसीआर पर तैनात पुलिस टीमों को अपराधियों पर कड़ी नजर रखने के आदेश दिए है। उन्हें नौ राइडर्स को बाजार की सड़कों पर गस्त के आदेश दिए हैं। इसके अलावा साधारण कपड़ों में भी पुलिसकर्मी बाजारों में तैनात रहेंगे।
दो जगह लगाई जाएंगी मचान : पुलिस अधीक्षक ने अपराधियों पर दूरबीन से पैनी नजर रखने के लिए शहर में दो जगहों पर मचान लगाने के आदेश भी दिए है। एक मचान शहर के परशुराम चौक पर जबकि दूसरी लाला लाजपतराय चौक पर लगाई जाएगी। दोनों मचान वीरवार से सक्रिय होंगी।
बाजार में हुआ आठ करोड़ से अधिक कारोबार : बुधवार को दिन व्यापारियों के लिए सुखद रहा। अनलॉक से लेकर अब तक सबसे अधिक कारोबार बुधवार को हुआ। विभिन्न मार्केट में करीब आठ करोड़ का कारोबार हुआ जो अब तक पांच करोड़ तक ही सीमित था। इससे व्यापारियों को राहत मिली है। वीरवार से कारोबार में और तेजी आने की उम्मीद है।
त्योहारी सीजन को देखते हुए सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। सात जगहों पर नाकाबंदी की गई है। बाजार की मुख्य सड़कों पर वीरवार से चौपहिया वाहनों की एंट्री बैन रहेगी। मैंने ट्रैफिक एसएचओ समेत सिटी थाना प्रभारी को इस संबंध में आदेश दे दिए है। विनोद कुमार, एसपी, चरखी दादरी।