बाढड़ा - झोझूकलां सड़क मार्ग पर बना गड्ढा।
बाढड़ा। बाढड़ा से झोझू कलां सड़क मार्ग बदहाली की मार झेल रहा है। वर्षों पहले बनी सड़क अब जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों और वाहन चालकों का सफर जोखिम भरा हो गया है। खासकर दोपहिया वाहन चालकों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीण आनंद, विजय पाल और सोमबीर ने बताया कि सड़क पर बने गड्ढे आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। कई बार मोटरसाइकिल और स्कूटर सवार असंतुलित होकर गिर चुके हैं। रात के समय अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देने से हादसों का खतरा और बढ़ जाता है।
उनका कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि इस पर सुरक्षित सफर करना मुश्किल हो गया है। ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क का निर्माण कई वर्ष पहले हुआ था, उसके बाद से इसकी मरम्मत नहीं कराई गई है। रखरखाव नहीं होने के कारण सड़क से तारकोल उखड़ चुकी है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द सड़क का नवीनीकरण कराने की मांग की है।