समाज कल्याण विभाग ने दादरी जिला से दिव्यांगों एवं वृद्घ सम्मान आदि पुरस्कारों के लिए नागरिकों व संस्थाओं से आवेदन आमंत्रित किए हैं। उपायुक्त शिवप्रसाद शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि हर साल तीन दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस मनाया जाता है। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने इसके लिए 31 अगस्त तक आवेदन आमंत्रित किए हैं।
यह पुरस्कार सर्वश्रेष्ठ दिव्यांग कर्मचारी, संस्था, वेबसाइट, विशिष्ट गुणों या उपलब्धियां अर्जित करने वाला दिव्यांग बालक, सर्वश्रेष्ठ नियोक्ता या एंजेंसी, रोल मॉडल, सर्वश्रेष्ठ जिला, पुनर्वास केंद्र, सर्वश्रेष्ठदिव्यांग खिलाड़ी आदि श्रेणियों में दिया जाएगा। इसके लिए भारत सरकार की वेबसाइट डिस्बेलिटीअफेयरर्स पर अधिक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बताया कि दिव्यांगता से युक्त नागरिक अधिनियम 2016 के अनुसार सभी 21 प्रकार की विकलांगताओं जैसे एसिड अटैक पीड़ित, दृष्टिहीन, बहरा, कम दृष्टि वाले, कुष्ठ रोग से ठीक हुआ व्यक्ति, मानसिक अपंगता आदि को पुरस्कारों की श्रेणी में शामिल किया गया है।
उपायुक्त ने बताया कि हरियाणा सरकार के समाज कल्याण विभाग ने भी वरिष्ठ नागरिक सम्मान पुरस्कारों के लिए भी दस सितंबर तक आवेदन आमंत्रित किए हैं। इनमें शत-वर्षीय पुरस्कार, श्रेष्ठ माता पुरस्कार, शौर्य एवं बहादुरी पुरस्कार, अभ्यासरत गायक, नृतक, संगीतकार, वरिष्ठ चित्रकार, वरिष्ठ खिलाड़ी, श्रेष्ठ वृद्घाश्रम, श्रेष्ठ देखभाल केंद्र, स्वैच्छिक संगठन, वरिष्ठमूर्तिकार, आजीवन उपलब्धि पुरस्कार, श्रेष्ठ पंचायत पुरस्कार शामिल हैं। हर वर्ग में प्रथम, द्वितीय व तृतीय तीन पुरस्कारों का चयन किया जाएगा और इनकी राशि बीस हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये तक निर्धारित की गई है।