चरखी दादरी। शहर के मुख्य बाजारों की सड़कों पर बेलगाम घूम रहे ऑटो राहगीरों व वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बने हुए हैं। सवारियां बैठाने के चक्कर में ऑटो चालक मनचाही जगह ब्रेक लगाते हैं। यही नहीं ये एक-दूसरे से सटकर भी ऑटो दौड़ा रहे हैं। इसके चलते सड़कों पर जाम लगा रहा है। शहरवासियों ने यातायात जिला पुलिस से ऐसे ऑटो चालकों पर कार्रवाई की मांग की है।
इन दिनों शहर में ऑटो चालकों की संख्या में काफी बढ़ोतरी हुई है। ऑटो चालक सवारियां भरने के लिए यातायात नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं। शहर में यात्री बैठाने के लिए सड़क के बीच ही ब्रेक लगाकर जाम के हालात बना देते हैं। वहीं लोगों का कहना है कि ज्यादातर चालकों के पास ऑटो के पूरे दस्तावेज भी नहीं होते जबकि वे पुलिस की कार्रवाई से भी बच जाते हैं। यातायात व्यवस्था बेपटरी होने का मुख्य कारण ऑटो भी हैं। शहर के बस स्टैंड रोड, कोर्ट रोड, रेलवे रोड पर एक लाइन में चलने की जगह ऑटो चालकों में एक-दूसरे से आगे निकालकर सवारियां बैठाने की होड़ लगी रहती है। उनकी ये गफलतबाजी अन्य लोगों को परेशानियां देती है। ऑटो चालकों की मनमानी पर पुलिस प्रशासन को रोक लगाने की जरूरत है।
इन स्थानों पर लगता है जाम
वैसे तो पूरे शहर में जाम की समस्या रहती है लेकिन कोर्ट रोड, बस स्टैंड रोड, रेलवे रोड, मुख्य बाजार और पुरानी सब्जी मंडी रोड से वाहनों का अवागमन अधिक होता है। यहां से काफी संख्या में ऑटो भी गुजरते हैं। अक्सर इन सड़कों पर यातायात व्यवस्था बेपटरी होने से जाम लगा रहता है।
बस स्टैंड के मुख्य गेट पर रहता है जमावड़ा
बस स्टैंड के सामने पूरा दिन ऑटो चालकों का जमावड़ा लगा रहता है। अधिकतर ऑटो चालक नियमों को भूलकर मुख्य गेट के सामने ही खड़े हो जाते हैं। इसके चलते बस के अवागमन में बाधा होती है। वहीं, यात्रियों को बाहर निकलने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मुख्य बाजारों की सड़कों पर दूसरे ऑटो से आगे निकलने के लिए राहगीरों की जान की परवाह किए बगैर चालक कट भी मार देते हैं।
वर्सन:
यातायात नियम तोड़ने वाले ऑटो चालकों समेत अन्य वाहन चालकों पर पुलिस कार्रवाई करती है। जो भी ऑटो चालक नियम तोड़ेगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। - रमेश कुमार, प्रभारी, जिला ट्रैफिक थाना